तमकुहीराज हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, चार गिरफ्तार
एक बाल अपचारी भी पुलिस संरक्षण में, नामजदगी निकली गलत; सर्विलांस, सीसीटीवी व मोबाइल टाइमलाइन से खुली हत्या की कड़ी, चाकू और दो बाइक बरामद
तमकुहीराज हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, चार गिरफ्तार
एक बाल अपचारी भी पुलिस संरक्षण में, नामजदगी निकली गलत; सर्विलांस, सीसीटीवी व मोबाइल टाइमलाइन से खुली हत्या की कड़ी, चाकू और दो बाइक बरामद
आर्य चेतना न्यूज ब्यूरो
चंद्रप्रकाश चौबे
कुशीनगर।तमकुहीराज थाना क्षेत्र के चखनी खास गांव में आदर्श चौहान उर्फ बुलेट की चाकू मारकर हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक तहरीर में नामजद किए गए लोगों की भूमिका जांच में सामने नहीं आई, जबकि विवेचना के दौरान पांच अन्य लोगों के नाम प्रकाश में आए।
पुलिस के मुताबिक एक अगस्त 2026 को चखनी खास निवासी आदर्श चौहान पुत्र चंदेश्वर चौहान की पेट में चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक के पिता की तहरीर पर पांच नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्वाट, साइबर सेल, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें गठित कर जांच शुरू की।
पुलिस ने तहरीर में नामजद आरोपितों को 24 घंटे के भीतर हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच के दौरान उनकी संलिप्तता के ठोस साक्ष्य नहीं मिलने पर पुलिस ने घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल शुरू की। इसी दौरान पांच नए आरोपितों के नाम सामने आए। पुलिस टीम ने साक्ष्य जुटाने के बाद सात अगस्त को चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अंगद पासवान निवासी मिश्रौली, थाना सेवरही, तथा सतीश कुशवाहा, चंदन कुशवाहा और प्रीतम कुशवाहा निवासी राजी तलवंत राय, थाना सेवरही के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
सीसीटीवी और मोबाइल टाइमलाइन से जुड़ी कड़ियां
पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए सीसीटीवी फुटेज, आरोपितों के मोबाइल की टाइमलाइन, भुगतान की तिथियों तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का मिलान किया। पुलिस का दावा है कि इन साक्ष्यों के आधार पर घटना से जुड़ी कड़ियां आपस में जुड़ती गईं और आरोपितों की भूमिका सामने आई।
पुरानी कहासुनी को बताया हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार मृतक और आरोपितों के बीच करीब 15 से 20 दिन पूर्व विवाद और मारपीट हुई थी। इसी पुरानी रंजिश को हत्या की वजह बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक इसी विवाद को लेकर आरोपितों ने आदर्श चौहान पर चाकू से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
आलाकत्ल चाकू और दो बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू तथा दो मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। बरामद मोटरसाइकिलों में हीरो स्प्लेंडर संख्या UP57CA3926 और UP57CE4940 शामिल हैं।
मामले में तमकुहीराज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 186/2026 के तहत धारा 103(2), 190, 191(2) एवं 191(3) बीएनएस में अभियोग दर्ज है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
हत्याकांड के अनावरण में प्रभारी निरीक्षक गिरीजेश उपाध्याय, स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक स्वतंत्र सिंह, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिंह, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक सन्नी दूबे, चौकी प्रभारी डिबनी बंजरवा मृत्युंजय सिंह, चौकी प्रभारी कस्बा तमकुहीराज महेश मिश्रा, चौकी प्रभारी समउर अखिलेश यादव, उपनिरीक्षक सौरभ गिरी सहित थाना तमकुहीराज, स्वाट, साइबर सेल एवं सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर ने हत्याकांड के सफल अनावरण और सराहनीय कार्य के लिए संयुक्त पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया है।
What's Your Reaction?
Like
9
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)