स्कूल में ‘मध्यावकाश’ के बाद मचा घमासान, प्रधानाध्यापिका ने चार शिक्षिकाओं पर लगाए हाथापाई के आरोप
स्कूल में मध्यावकाश के बाद प्रधानाध्यापिका और चार शिक्षिकाओं के बीच विवाद हो गया। प्रधानाध्यापिका ने शिक्षिकाओं पर हाथापाई के आरोप लगाए
स्कूल में ‘मध्यावकाश’ के बाद मचा घमासान, प्रधानाध्यापिका ने चार शिक्षिकाओं पर लगाए हाथापाई के आरोप
दीपेंद्र भदौरिया, ब्यूरो चीफ
सीतापुर,महमूदाबाद। शिक्षा का मंदिर कहे जाने वाले सरकारी स्कूल में मध्यावकाश के बाद विवाद का मामला सामने आया है। पैगम्बपुर प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका किस्मत द्विवेदी ने सहकर्मी शिक्षिकाओं पर अभद्र व्यवहार और हाथापाई का आरोप लगाते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और कोतवाली पुलिस से शिकायत की है। हालांकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में मारपीट की पुष्टि नहीं हुई है।
प्रधानाध्यापिका का आरोप है कि बुधवार को मध्यावकाश के बाद बच्चों को कक्षाओं में जाकर शिक्षण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए थे। आरोप है कि शिक्षिकाएं मोनिका, पूजा, रूबी और निवेदिता स्टाफ रूम में बैठी रहीं। टोकने पर विवाद बढ़ गया और हाथापाई में उनके हाथ में चोट लग गई।
शिक्षिका बोलीं—बच्चे को पीटने पर पूछा था कारण
वहीं शिक्षिका निवेदिता ने प्रधानाध्यापिका के आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि मध्यावकाश के बाद प्रधानाध्यापिका ने कक्षा एक के एक बच्चे को पीटा था। इस पर उन्होंने और अन्य शिक्षिका ने बच्चे को पीटने का कारण पूछा। आरोप है कि इसी बात पर प्रधानाध्यापिका नाराज हो गईं और उन्हें धक्का दे दिया। शिक्षिका ने मारपीट से इनकार करते हुए कहा कि घटना बच्चों के सामने हुई है।
पुलिस जांच में मारपीट की पुष्टि नहीं
प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि मौके पर अपराध निरीक्षक को भेजकर जांच कराई गई। प्रथमदृष्टया प्रधानाध्यापिका के गिरने से चोट लगने की बात सामने आई है। मारपीट की पुष्टि नहीं हुई है। विद्यालय में प्रधानाध्यापिका और शिक्षिकाओं के बयान दर्ज किए गए हैं।
शनिवार को होगी विभागीय जांच
बीईओ उदय मणि पटेल ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। शुक्रवार को अवकाश होने के कारण शनिवार को विद्यालय पहुंचकर पूरे प्रकरण की जांच की जाएगी। इसके बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)