बाढ़ के बीच मैदान में उतरे डीएम, केशव ग्रीन सिटी से तरीनपुर तक राहत की कमान संभाली

बारिश से उफान पर नदियां, दर्जनों गांव-कॉलोनियां जलमग्न; प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटा प्रशासन

Sep 11, 2026 - 20:09
0 0
बाढ़ के बीच मैदान में उतरे डीएम, केशव ग्रीन सिटी से तरीनपुर तक राहत की कमान संभाली

बाढ़ के बीच मैदान में उतरे डीएम, केशव ग्रीन सिटी से तरीनपुर तक राहत की कमान संभाली

बारिश से उफान पर नदियां, दर्जनों गांव-कॉलोनियां जलमग्न; प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटा प्रशासन

दीपेंद्र भदौरिया, ब्यूरो चीफ

सीतापुर। जिले में गुरुवार से जारी बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर ने एक बार फिर तटीय व निचले इलाकों में चिंता बढ़ा दी है। शहर की केशव ग्रीन सिटी में पानी बढ़ने से लोग जरूरी सामान लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए सुरक्षित स्थानों की ओर जाने को मजबूर हैं। वहीं सरायन नदी के बढ़े जलस्तर से नदी किनारे बसे कई मोहल्लों में पानी घरों तक पहुंच गया है।

गांजर क्षेत्र में शारदा और घाघरा नदियों का जलस्तर बढ़ने से दर्जनों गांव प्रभावित हैं। सैकड़ों एकड़ फसलें जलमग्न हो गई हैं। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। अधिकारियों की टीमें लगातार स्थिति पर नजर रख रही हैं और जरूरत के मुताबिक राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।

खतरे के निशान के पार सरायन

11 सितंबर की गेज रिपोर्ट के अनुसार कैंचीपुल पर सरायन नदी 132.90 मीटर पर बह रही है, जबकि खतरे का निशान 131.00 मीटर है। बीते 24 घंटे में जिले में 26 मिमी बारिश दर्ज की गई। नीमसार में गोमती का जलस्तर 119.60 मीटर पहुंच गया। हालांकि शारदा और घाघरा में पानी घटने की प्रवृत्ति बताई गई है। शारदा बैराज पर जलस्तर खतरे के निशान से 29 सेंटीमीटर नीचे और अंगरौरा में घाघरा 118.50 मीटर पर दर्ज हुई।

डीएम ने खुद संभाली मोर्चे पर कमान

जलभराव की गंभीर स्थिति के बीच जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. शुक्रवार को तरीनपुर और केशव ग्रीन सिटी पहुंचे और मौके पर स्थिति का जायजा लिया। तरीनपुर में एहतियातन करीब 45 मकान खाली कराकर प्रभावित परिवारों को नई बस्ती स्थित धर्मशाला में ठहराया गया है, जहां भोजन और लंच पैकेट की व्यवस्था की गई।

केशव ग्रीन सिटी में घुटनों तक पानी के बीच लोगों की आवाजाही के लिए सोसाइटी प्रबंधन के सहयोग से ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लगाई गई हैं। डीएम ने बताया कि अधिकांश मकान ऊंचे बने होने से पानी घरों के अंदर नहीं पहुंचा है। उन्होंने अधिकारियों को राहत व्यवस्था बनाए रखने और जलस्तर पर लगातार निगरानी के निर्देश दिए।

प्रशासन के अनुसार कैचमेंट एरिया में बारिश थमने के बाद जलस्तर में गिरावट शुरू हुई है और अगले एक-दो दिनों में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान एडीएम न्यायिक खालिद अंजुम और एसडीएम सदर डॉ. जनार्दन कुमार सहित तहसील प्रशासन की टीम मौजूद रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User