बारिश बनी आफत: दीवारें ढहीं, युवक की मौत; 8 बकरियों की गई जान
बारिश, भारी बारिश, दीवार ढही, युवक की मौत, 8 बकरियों की मौत, बारिश से हादसा, बारिश का कहर, मकान की दीवार गिरी, वर्षा से नुकसान, बारिश में जनहानि
बारिश बनी आफत: दीवारें ढहीं, युवक की मौत; 8 बकरियों की गई जान
नौवा महमूदपुर में घर में सो रहे युवक पर गिरी कच्ची दीवार, कमलापुर में 12 बकरियां मलबे में दबीं; महमूदाबाद में जर्जर गौशाला की दीवार सड़क पर गिरी
दीपेंद्र भदौरिया, ब्यूरो चीफ
सीतापुर। जिले में लगातार हो रही तेज बारिश लोगों के लिए आफत बनती जा रही है। बारिश के चलते अलग-अलग क्षेत्रों में कच्ची और जर्जर दीवारें भरभराकर गिर गईं। ऐलिया क्षेत्र के नौवा महमूदपुर में घर में सो रहे करीब 30 वर्षीय युवक की मलबे में दबकर मौत हो गई। वहीं कमलापुर क्षेत्र में दीवार गिरने से 12 बकरियां दब गईं, जिनमें आठ की मौत हो गई। महमूदाबाद में भी पुरानी गौशाला की जर्जर दीवार सड़क पर गिर गई।
छप्पर में भरे पानी के दबाव से गिरी दीवार
ऐलिया के नौवा महमूदपुर गांव में शुक्रवार को रामचंद्र मौर्य घर में सो रहा था। कच्ची दीवार पर छप्पर पड़ा था। लगातार बारिश के कारण छप्पर में पानी भर गया। पानी के भार के दबाव में कच्ची दीवार अचानक गिर गई और उसका मलबा रामचंद्र के ऊपर जा गिरा। हादसे के बाद परिजन और ग्रामीणों ने मलबा हटाकर युवक को बाहर निकाला और सीएचसी ऐलिया लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
12 बकरियां मलबे में दबीं, आठ की मौत
कमलापुर क्षेत्र के कुसमौरा गांव में पप्पू पुत्र हीरालाल की कच्ची दीवार बारिश के चलते गिर गई। दीवार के मलबे में रामप्रसाद पुत्र गोकरण की 12 बकरियां दब गईं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कमलापुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाया गया। हादसे में आठ बकरियों की मौत हो गई, जबकि चार घायल मिलीं। पुलिस ने मृत बकरियों के पोस्टमार्टम और घायल बकरियों के इलाज के लिए पशु चिकित्सक को सूचना दी। एसडीएम सिधौली को भी घटना की जानकारी दी गई।
गोशाला की जर्जर दीवार सड़क पर गिरी
महमूदाबाद के सरावगी टोला में छपरतल्ला-डॉन बॉस्को मार्ग स्थित पुरानी गौशाला की एक जर्जर दीवार तेज बारिश के चलते सड़क पर गिर गई। देर शाम घटना होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर ईओ पवन किशोर टीम के साथ पहुंचे और जेसीबी से मलबा हटवाया। बची हुई जर्जर दीवार को भी ध्वस्त करा दिया गया, ताकि दोबारा हादसे की आशंका न रहे।
लगातार बारिश से हो रही घटनाओं ने कच्चे मकानों और जर्जर निर्माणों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)