मोबाइल पर बात करने से नाराज भाई ने बहन की गला रेतकर की हत्या, गांव में सनसनी

रामपुर मथुरा के बजेहरा गांव में वारदात, प्रेम प्रसंग के मामले में कुछ दिन पहले घर लौटी थी किशोरी; आरोपी भाई फरार

Aug 02, 2026 - 00:06
Updated: 2 days ago
0 0
मोबाइल पर बात करने से नाराज भाई ने बहन की गला रेतकर की हत्या, गांव में सनसनी
मोबाइल पर बात करने से नाराज भाई ने बहन की गला रेतकर की हत्या, गांव में सनसनी

मोबाइल पर बात करने से नाराज भाई ने बहन की गला रेतकर की हत्या, गांव में सनसनी

रामपुर मथुरा के बजेहरा गांव में वारदात, प्रेम प्रसंग के मामले में कुछ दिन पहले घर लौटी थी किशोरी; आरोपी भाई फरार

दीपेंद्र भदौरिया, ब्यूरो चीफ

सीतापुर। रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के बजेहरा गांव में शनिवार सुबह एक 16 वर्षीय किशोरी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उसके सगे भाई पर है, जो घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राजाराम की 16 वर्षीय पुत्री सुमिरता शनिवार सुबह गांव में एक व्यक्ति के यहां मोबाइल फोन पर बात करने गई थी। इसी दौरान उसके भाई कोमल को इसकी जानकारी हुई। ग्रामीणों के मुताबिक, मोबाइल पर बात करने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और आवेश में आकर कोमल ने धारदार हथियार से बहन पर हमला कर दिया। गले पर गंभीर वार होने से सुमिरता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक मुकेश वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई को किशोरी घर से लापता हो गई थी। उसके पिता ने नौवनबाग निवासी एक युवक के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। बाद में किशोरी बरामद हुई और न्यायालय में बयान दर्ज होने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था।

अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। हत्या के पीछे के सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है तथा फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User