दुकानें खाली कराने के निर्देश से भड़के व्यापारी, डीएम से लगाई गुहार
डीएम और सिटी मजिस्ट्रेट ने दिया भरोसा, कहा– नियमानुसार होगी कार्रवाई
दीपेन्द्र भदौरिया ब्यूरो चीफ
सीतापुर। शहर के लालबाग बाजार स्थित घंटाघर सहित तीनों ऐतिहासिक गेटों के नीचे संचालित नगर पालिका की दुकानों को खाली कराने के मौखिक निर्देश के बाद व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। अपनी रोजी-रोटी पर संकट की आशंका जताते हुए व्यापारी सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और सिटी मजिस्ट्रेट मीनाक्षी पांडे से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा। बाद में उन्होंने जिलाधिकारी से भी भेंट कर कार्रवाई पर पुनर्विचार की मांग की। अधिकारियों द्वारा नियमानुसार कार्रवाई और किसी के साथ अन्याय न होने का आश्वासन दिए जाने के बाद व्यापारियों ने राहत की सांस ली।
व्यापारियों का कहना है कि तीन दिन पहले नगर पालिका परिषद सीतापुर की प्रभारी अधिशासी अधिकारी एवं न्यायिक उपजिलाधिकारी सीमा सिंह ने उन्हें दुकानें खाली करने के लिए मौखिक रूप से कहा था। उनका दावा है कि कई परिवार दशकों से इन दुकानों के माध्यम से अपना जीवनयापन कर रहे हैं। व्यापारियों ने यह भी कहा कि उन्हें अब तक इस संबंध में कोई लिखित नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है।
उधर, प्रभारी अधिशासी अधिकारी सीमा सिंह ने स्पष्ट किया कि किसी भी दुकानदार को मनमाने तरीके से नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने बताया कि संबंधित दुकानें नगर पालिका की हैं और नजूल भूमि पर स्थित हैं। शासन से ऐतिहासिक विरासतों के संरक्षण एवं जीर्णोद्धार के लिए बजट प्राप्त हो चुका है। योजना के तहत नियमानुसार उचित स्थान पर विस्थापन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि स्थानीय दुकानदारों से आवश्यक अभिलेख मांगे गए हैं। दस्तावेजों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी, ताकि विकास कार्यों के साथ-साथ प्रभावित व्यापारियों के हितों का भी ध्यान रखा जा सके।
What's Your Reaction?
Like
2
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)