सीतापुर में दर्दनाक हादसा: हाईटेंशन लाइन से टकराया वाहन, दो शिवभक्तों की मौत
श्रावण मास के प्रथम सोमवार को सीतापुर के थानगांव थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया।
दीपेन्द्र भदौरिया ब्यूरो चीफ
रेउसा/सीतापुर। श्रावण मास के प्रथम सोमवार को सीतापुर के थानगांव थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया। सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे राजापुर पुल के पास कांवड़ यात्रा के लिए लोगों को जागरूक करने निकला डीजे/पिकअप वाहन हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। करंट फैलने से वाहन पर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सिपतपुर क्षेत्र के युवक चहलारी घाट से जल लेने और कांवड़ यात्रा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए निकले थे। राजापुर पुल के पास पहुंचते ही वाहन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। इससे पूरे वाहन में करंट दौड़ गया और छत पर बैठे युवक इसकी चपेट में आ गए।
हादसे में गुड्डू यादव निवासी चेद्दापुरवा (सिपतपुर) तथा संतोष यादव पुत्र सुरेश निवासी धौरा (थोरा पसीन पुरवा) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तत्काल रेउसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही थानगांव पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू करा दी है। पुलिस का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि वाहन हाईटेंशन लाइन की चपेट में कैसे आया।
घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
3
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)