बेटी के प्रेम विवाह की रंजिश में सफाई कर्मी की सरेराह गोली मारकर हत्या, हिस्ट्रीशीटर पर हत्या का आरोप

सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है।

Aug 05, 2026 - 12:06
0 4
बेटी के प्रेम विवाह की रंजिश में सफाई कर्मी की सरेराह गोली मारकर हत्या, हिस्ट्रीशीटर पर हत्या का आरोप

दीपेंद्र भदौरिया ब्यूरो चीफ 

सीतापुर (इमलिया सुल्तानपुर)सीतापुर जिले के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बेटी को भगाकर प्रेम विवाह करने से नाराज एक व्यक्ति ने कथित तौर पर बाइक से घर लौट रहे सफाई कर्मचारी की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, बेलामऊ खुर्द निवासी विजय विक्रम (55) पुत्र केसरी फतेपुर मातिनपुर में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार शाम ड्यूटी से बाइक से घर लौटते समय ढोलई कला गांव और बेलामऊ के बीच सुनसान मार्ग पर पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल विजय विक्रम की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब छह महीने पहले मृतक के बेटे अंग्रेज ने आरोपी की बेटी के साथ प्रेम विवाह किया था। इसी विवाद को लेकर दोनों परिवारों के बीच रंजिश चली आ रही थी। पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। मामले में मुख्य आरोपी बदलू पुत्र बिंद्रा (55), निवासी बेलामऊ खुर्द का नाम सामने आया है, जो इमलिया सुल्तानपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर भी बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार तथा क्षेत्राधिकारी महोली नागेंद्र चौबे मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User