जर्जर सड़क और जलभराव से परेशान ग्रामीण पहुंचे कलेक्ट्रेट, डीएम से की कार्रवाई की मांग

विकासखंड एलिया के ग्राम अलीपुर अली रज़ा एवं ग्राम सभा गौरा के ग्रामीणों ने किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के बैनर तले बुधवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण, जलनिकासी व्यवस्था और ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच की मांग की। ज्ञापन संगठन के संयोजक पिन्टू सिंह सिद्धू के नेतृत्व में सौंपा गया।

Aug 05, 2026 - 13:37
0 0
जर्जर सड़क और जलभराव से परेशान ग्रामीण पहुंचे कलेक्ट्रेट, डीएम से की कार्रवाई की मांग

दीपेन्द्र भदौरिया, ब्यूरो चीफ

सीतापुर। विकासखंड एलिया के ग्राम अलीपुर अली रज़ा एवं ग्राम सभा गौरा के ग्रामीणों ने किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के बैनर तले बुधवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण, जलनिकासी व्यवस्था और ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच की मांग की। ज्ञापन संगठन के संयोजक पिन्टू सिंह सिद्धू के नेतृत्व में सौंपा गया।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि अलीपुर अली रज़ा से गौरा तक लगभग एक किलोमीटर लंबा संपर्क मार्ग वर्षों से कच्चा और जर्जर अवस्था में है। बरसात के मौसम में सड़क पर जलभराव होने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। इससे किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं और आम ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार लोगों को आवश्यक कार्यों के लिए भी गांव से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम सभा गौरा में पिछले कई वर्षों से कोई उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं कराया गया। गांव में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण बरसात में चारों ओर पानी भर जाता है, जिससे लोगों का जीवन प्रभावित होता है। साथ ही कई पात्र परिवार अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना और शौचालय जैसी महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं।

ज्ञापन में ग्राम पंचायत में पिछले वर्षों के दौरान कराए गए विकास कार्यों एवं सरकारी धन के उपयोग की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की गई है। संगठन का कहना है कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार सामने आता है तो संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।

किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा ने मांग की है कि अलीपुर अली रज़ा से गौरा तक सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए, गांव में स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User