इजराइली वैज्ञानिकों ने सीतापुर में परखा ‘एग्री गुरु’ ऐप
एआई से किसानों की समस्याओं का समाधान, पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के बाद अब सभी तकनीकी सहायकों को जोड़ने की तैयारी
इजराइली वैज्ञानिकों ने सीतापुर में परखा ‘एग्री गुरु’ ऐप
एआई से किसानों की समस्याओं का समाधान, पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के बाद अब सभी तकनीकी सहायकों को जोड़ने की तैयारी
दीपेंद्र भदौरिया, ब्यूरो चीफ
सीतापुर। किसानों तक कृषि सेवाओं और तकनीकी सलाह को तेजी से पहुंचाने के लिए इजराइल की तेल अवीव यूनिवर्सिटी की टीम सीतापुर में डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित मॉडल पर काम कर रही है। टीम के वैज्ञानिक अमित कालिसकर ने बताया कि पिछले डेढ़ वर्ष में यह उनका सीतापुर का चौथा दौरा है। उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से शुरू किए गए पायलट प्रोजेक्ट को पिछले एक वर्ष में अच्छा परिणाम मिलने के बाद अब इसके अगले चरण की तैयारी है।
अमित कालिसकर के अनुसार अगले चरण में सीतापुर के सभी तकनीकी सहायकों और संबंधित कृषि सेवाओं को डिजिटल मॉडल से जोड़ा जाएगा। सफल होने पर इसे पूरे उत्तर प्रदेश में बड़े स्तर पर लागू करने की योजना है।
टीम की ट्रांसलेटर अंजलि मिश्रा ने बताया कि टीम ने पहले महमूदाबाद ब्लॉक में किसानों से मुलाकात कर फील्ड विजिट की और कृषि विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों से बातचीत की। यहां स्थानीय विधायक आशा मौर्य से भी मुलाकात हुई। इसके बाद ऐलिया ब्लॉक का दौरा कर अधिकारियों और फील्ड कर्मचारियों से प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा की गई। टीम ने जिलाधिकारी से भी मुलाकात की। डीएम ने कृषि और किसानों से जुड़ी सेवाओं को मजबूत करने के लिए आवश्यक विभागों और इनपुट डीलरों को जोड़ने में सहयोग का आश्वासन दिया।
जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि इजराइली टीम ने किसानों के लिए ‘एग्री गुरु’ डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया है। इसमें AI तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। किसान खेती से जुड़ी समस्या ऐप पर दर्ज कर सकेंगे। AI चैटबॉट, व्हाट्सएप चैटबॉट और पंचायत स्तर पर तैनात कृषि विस्तार कार्यकर्ता (AEW) के माध्यम से उन्हें जानकारी और समाधान उपलब्ध कराने की व्यवस्था है।
उन्होंने बताया कि AEW पर अन्य जिम्मेदारियां होने के कारण इनपुट डीलरों को भी इस व्यवस्था से जोड़ने की पहल की जा रही है। इससे किसानों को खाद, उन्नत बीज और कीटनाशकों से संबंधित सही जानकारी व कृषि सलाह आसानी से मिल सकेगी।
टीम में वैज्ञानिक अमित कालिसकर, सॉफ्टवेयर डेवलपर अमित सासमान, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर सौरभ यादव और ट्रांसलेटर अंजलि मिश्रा शामिल हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
1
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)