राहुल गांधी हैदराबाद में डिलीवरी बॉय-कैब ड्राइवरों से मिलेंगे:तेलंगाना में 14 नवंबर को गिग वर्कर्स के लिए कल्याण बोर्ड शुरू होगा

Nov 12, 2026 - 11:24
0 0
राहुल गांधी हैदराबाद में डिलीवरी बॉय-कैब ड्राइवरों से मिलेंगे:तेलंगाना में 14 नवंबर को गिग वर्कर्स के लिए कल्याण बोर्ड शुरू होगा
राहुल गांधी 14 नवंबर को हैदराबाद में गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान डिलीवरी एग्जीक्यूटिव, कैब ड्राइवर और ऐप आधारित सेवाओं से जुड़े अन्य कर्मचारियों से बातचीत करेंगे। इस दौरान वर्कर्स को राहुल के सामने अपनी समस्याएं और मांगें रखने का मौका मिलेगा। कार्यक्रम हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (HICC) के पास आयोजित होगा। इसके साथ वर्कर्स की एक छोटी रैली भी निकाली जाएगी। तेलंगाना सरकार इस कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी है। राज्यभर से बड़ी संख्या में गिग वर्कर्स के पहुंचने की उम्मीद है। इस कार्यक्रम में गिग वर्कर्स के लिए सामाजिक सुरक्षा, दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य सुविधाएं, रोजगार सुरक्षा, रजिस्ट्रेशन और शिकायतों के समाधान जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। राहुल गांधी इनसे जुड़ी सरकारी पहलों का उद्घाटन भी कर सकते हैं। 2 जून से लागू है गिग वर्कर्स का कानून तेलंगाना सरकार ने गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स के कल्याण के लिए तेलंगाना प्लेटफॉर्म-बेस्ड गिग वर्कर्स (रजिस्ट्रेशन, सोशल सिक्योरिटी एंड वेलफेयर) एक्ट, 2026 बनाया है। यह कानून 2 जून से लागू हो चुका है। अब 14 नवंबर को इस कानून के तहत बनाए गए नियमों की अधिसूचना जारी होने की उम्मीद है। साथ ही वर्कर्स के लिए वेलफेयर बोर्ड को भी औपचारिक रूप से शुरू किया जा सकता है। यह बोर्ड पूरे राज्य में कानून के प्रावधानों और कल्याण योजनाओं को लागू करने का काम करेगा। मंत्रियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया तेलंगाना के मंत्री पोन्नम प्रभाकर और गद्दम विवेक वेंकटस्वामी ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। उन्होंने HICC के पास जयभेरी और मीनाक्षी टावर्स के नजदीक प्रस्तावित आयोजन स्थल पर तैयारियों की समीक्षा की। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान किया था वादा तेलंगाना गिग एंड प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन (TGPWU) के संस्थापक और प्रदेश अध्यक्ष शेख सलाउद्दीन के मुताबिक, राहुल गांधी का दौरा गिग वर्कर्स के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा और बाद के चुनाव अभियानों के दौरान वर्कर्स से उनके कल्याण के लिए कदम उठाने का वादा किया गया था। अब कानून के नियमों और वेलफेयर बोर्ड को अधिसूचित करने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि इस मौके पर वर्कर्स खुद एक छोटी रैली निकालेंगे। इसमें किसी राजनीतिक संगठन की भागीदारी नहीं होगी। वर्कर्स अपनी खुशी जाहिर करने और कल्याण के लिए उठाए जा रहे कदमों के प्रति आभार जताने के लिए इसमें शामिल होंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User