सीतापुर में गरजे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, राम मंदिर चंदा प्रकरण और छात्र आंदोलन पर भाजपा को घेरा

सांसद राकेश राठौर के आवास पर बोले— छोटे लोगों पर कार्रवाई, बड़े चेहरे अब भी जांच से बाहर; 8 अगस्त को प्रयागराज में राहुल गांधी की जनसभा का किया ऐलान

Aug 01, 2026 - 17:31
0 1

दीपेंद्र भदौरिया, ब्यूरो चीफ

सीतापुर। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय शनिवार को सीतापुर सांसद राकेश राठौर के आवास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर में कथित चंदा चोरी के मामले को लेकर भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।

अजय राय ने कहा कि चंदा चोरी प्रकरण में केवल छोटे लोगों को पकड़ा जा रहा है, जबकि उन्होंने आरोप लगाया कि चंपत राय जैसे बड़े चेहरे अभी भी एसआईटी और पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं का भी जिक्र करते हुए केंद्र सरकार को घेरा। अजय राय ने कहा कि प्रधानमंत्री को वीडियो जारी कर छात्रों से माफी मांगनी चाहिए। उनका आरोप था कि सरकार ने छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने यह भी कहा कि आंदोलन के दौरान जिन छात्रों ने अपने प्राण गंवाए, उनके परिवारों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी कौन लेगा।

भाजपा सांसद कंगना रनौत के कथित बयान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यदि छात्रों की तुलना अपमानजनक शब्दों से की गई है तो उनकी सांसद सदस्यता समाप्त की जानी चाहिए और उन्हें पार्टी से निष्कासित किया जाना चाहिए।

अजय राय ने कहा कि छात्रों के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करेगी। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में 8 अगस्त को प्रयागराज में राहुल गांधी की बड़ी जनसभा आयोजित होगी। प्रदेश भर में उसी कार्यक्रम की तैयारियों के लिए उनका दौरा चल रहा है।

उन्होंने कहा कि छात्रों के अधिकारों और राम मंदिर चंदा प्रकरण जैसे मुद्दों पर कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी तथा वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए राहुल गांधी प्रदेश से अपनी आवाज बुलंद करेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User