130 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ा युवक, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा
ग्राम प्रधान और पुलिस पर कार्रवाई न करने का लगाया आरोप, समझाइश के बाद पुलिस ने सुरक्षित उतारा नीचे
दीपेंद्र भदौरिया, ब्यूरो चीफ
सीतापुर। पिसावां थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक करीब 130 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। युवक के टॉवर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घंटों की मशक्कत और समझाइश के बाद युवक को सकुशल नीचे उतार लिया।
युवक का आरोप है कि ग्राम प्रधान उसके परिवार को भड़का रहे हैं और शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। उसने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उसके साथ अभद्रता करते हुए थप्पड़ मारा था। इसी से आहत होकर उसने टॉवर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने युवक से बातचीत की और उसे शांत कराया। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद वह टॉवर से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई।
पुलिस का कहना है कि युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। उसके लगाए गए आरोपों की जांच कराई जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)