एटीएम कार्ड बदलकर युवक के खाते से 10 हजार रुपये पार
मदद के बहाने शातिर ने पूछा पिन, कार्ड बदलकर दिया ठगी को अंजाम; पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
एटीएम कार्ड बदलकर युवक के खाते से 10 हजार रुपये पार
मदद के बहाने शातिर ने पूछा पिन, कार्ड बदलकर दिया ठगी को अंजाम; पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
दीपेन्द्र भदौरिया
मिश्रिख, सीतापुर। एटीएम से रुपये निकालने में मदद करने के बहाने एक युवक का एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से 10 हजार रुपये निकाल लिए गए। मोबाइल पर खाते से रकम निकाले जाने का मैसेज आने के बाद पीड़ित को ठगी का पता चला। मामले में पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस एटीएम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही घटना की जांच कर रही है।
तहसील क्षेत्र के बिनौरा निवासी सोफीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार दोपहर वह अपने छोटे भाई की पत्नी का एटीएम कार्ड लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर स्थित एसबीआई एटीएम से 500 रुपये निकालने पहुंचा था। इसी दौरान एटीएम मशीन में कार्ड फंस गया। काफी प्रयास के बाद भी कार्ड बाहर नहीं निकला।
इसी बीच पास की किराने की दुकान चलाने वाला रोहित नामक व्यक्ति वहां पहुंचा और एटीएम कार्ड निकालने में मदद करने की बात कही। आरोप है कि मदद के बहाने उसने युवक से कार्ड का गोपनीय पिन पूछ लिया। इसके बाद चालाकी से उसका एटीएम कार्ड बदल दिया और युवक को इसकी भनक तक नहीं लगी। युवक बदला हुआ कार्ड लेकर अपने घर चला गया।
करीब एक घंटे बाद उसके मोबाइल पर खाते से 10 हजार रुपये निकाले जाने का संदेश आया। मैसेज देखकर पीड़ित के होश उड़ गए। जब उसने अपने पास मौजूद एटीएम कार्ड की जांच की तो पता चला कि कार्ड उसका नहीं, बल्कि किसी अन्य व्यक्ति का था। इसके बाद उसे अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।
पीड़ित तत्काल एटीएम के पास पहुंचा, लेकिन तब तक कथित आरोपी दुकानदार अपनी दुकान बंद कर वहां से जा चुका था। पीड़ित ने मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से करते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कस्बा चौकी प्रभारी गुड्डू राम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। एटीएम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है और आरोपी की पहचान व तलाश के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना में आरोपी की भूमिका और ठगी की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)