लालबाग प्राचीन फाटकों के दुकानदारों ने मंत्री राकेश राठौर से लगाई गुहार
दुकानें खाली कराने की आशंका से डरे व्यापारी, मंत्री को सुनाई पीड़ा
लालबाग प्राचीन फाटकों के दुकानदारों ने मंत्री राकेश राठौर से लगाई गुहार
दुकानें खाली कराने की आशंका से डरे व्यापारी, मंत्री को सुनाई पीड़ा
दीपेंद्र भदौरिया, ब्यूरो चीफ
सीतापुर। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष भगवती गुप्ता के नेतृत्व में लालबाग फाटक, घंटाघर फाटक और सराय फाटक के व्यापारियों ने नगर विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर ‘गुरु जी’ से मुलाकात कर दुकानों को खाली कराने की आशंका पर चिंता जताई और अपनी रोजी-रोटी बचाने की गुहार लगाई।
जिलाध्यक्ष भगवती गुप्ता ने बताया कि तीनों प्राचीन फाटकों के नीचे नगर पालिका से आवंटित करीब 18 दुकानों में व्यापारी पिछले 50-60 वर्षों से कारोबार कर रहे हैं। व्यापारियों के अनुसार वर्ष 2017 से कई प्रयासों के बावजूद नगर पालिका परिषद सीतापुर द्वारा उनका किराया जमा नहीं कराया गया। अब मौखिक रूप से दुकानें खाली करने के लिए कहा जा रहा है, जिससे व्यापारी परेशान और भयभीत हैं।
व्यापार मंडल ने मंत्री को तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर मांग की कि वर्षों से व्यवसाय कर रहे व्यापारियों को उजाड़ा न जाए, दुकानों का रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण किया जाए और उनके रोजगार का भविष्य सुरक्षित रखा जाए। व्यापारियों ने कहा कि शहर के सौंदर्यीकरण और तीनों फाटकों के पुनरुद्धार में वे पूरा सहयोग करेंगे, लेकिन दुकानदारों को हटाए बिना विकास कार्य कराया जाए।
मंत्री राकेश राठौर ने व्यापारियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि ऐसा कोई कार्य नहीं किया जाएगा जिससे व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट पैदा हो। उन्होंने कहा कि वह स्वयं व्यापारी हैं और व्यापारियों के दुख-दर्द को समझते हैं तथा उनके सुख-दुख में हमेशा खड़े रहेंगे।
इस दौरान नगर अध्यक्ष बृजेश रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)