प्रधान के बंद पड़े भट्ठे में छिपा था कच्ची शराब का धंधा, पुलिस की दबिश से मचा हड़कंप

कैंचूटांडा में 10 लीटर अपमिश्रित शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, यूरिया खाद और लहन समेत शराब बनाने का सामान बरामद

Sep 22, 2026 - 10:16
0 11
प्रधान के बंद पड़े भट्ठे में छिपा था कच्ची शराब का धंधा, पुलिस की दबिश से मचा हड़कंप

प्रधान के बंद पड़े भट्ठे में छिपा था कच्ची शराब का धंधा, पुलिस की दबिश से मचा हड़कंप

कैंचूटांडा में 10 लीटर अपमिश्रित शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, यूरिया खाद और लहन समेत शराब बनाने का सामान बरामद

क्राइम रिपोर्ट रियाज अहमद

आर्य चेतना न्यूज़ अखबार

अमरिया। गांव कैंचूटांडा में बंद पड़े भट्ठे के अंदर कच्ची शराब बनाए जाने की सूचना पर अमरिया पुलिस ने छापा मारकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब 10 लीटर अपमिश्रित कच्ची शराब, एक किलो यूरिया खाद, एक लीटर लहन और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, रविवार को उपनिरीक्षक आशीष कुमार द्विवेदी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर टीम ने गांव कैंचूटांडा से करीब 400 मीटर आगे स्थित हसीब प्रधान के बंद पड़े भट्ठे पर दबिश दी। पुलिस को मौके पर एक व्यक्ति मिला। पूछताछ के बाद उसकी पहचान रंजीत पुत्र चिरौंजी लाल निवासी ग्राम कैंचूटांडा, कस्बा व थाना अमरिया के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान पुलिस को एक प्लास्टिक की जरीकेन में करीब 10 लीटर अपमिश्रित कच्ची शराब मिली। इसके अलावा करीब एक किलो यूरिया खाद, एक लीटर लहन और कच्ची शराब बनाने के उपकरण भी बरामद हुए। पुलिस ने बरामद सामग्री कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में थाना अमरिया में मु0अ0सं0 232/2026, धारा 294 बीएनएस एवं 60(2) आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ अमरिया थाने में आयुध अधिनियम, बीएनएस और आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई जारी है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक आशीष कुमार द्विवेदी, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल संदीप बालियान शामिल रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User