सीतापुर में सजा खुशियों का मंडप, 565 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

बारातियों के रंग में रंगा प्रशासन, पगड़ी पहनकर समारोह में पहुंचे डीएम

Sep 02, 2026 - 20:06
0 1
सीतापुर में सजा खुशियों का मंडप, 565 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

सीतापुर में सजा खुशियों का मंडप, 565 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

बारातियों के रंग में रंगा प्रशासन, पगड़ी पहनकर समारोह में पहुंचे डीएम

दीपेंद्र भदौरिया, ब्यूरो चीफ

सीतापुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सीतापुर में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। समारोह में 565 जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच एक-दूसरे का हाथ थामकर वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। वर-वधू के परिजनों और अतिथियों की मौजूदगी में पूरा परिसर उत्सव और खुशियों से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया गया। समारोह में जिलाधिकारी समेत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पगड़ी पहनकर सहभागिता की। जिलाधिकारी का बारातियों के अंदाज में पगड़ी पहनकर समारोह में शामिल होना लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

नैमिषारण्य क्षेत्र के वरिष्ठ आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विवाह की रस्में विधि-विधान से संपन्न कराईं। मंत्रोच्चारण और वैवाहिक रस्मों के बीच 565 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। नवविवाहित जोड़ों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी, वहीं उनके परिजनों में भी उत्साह का माहौल रहा।

समारोह में कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही, एमएलसी पवन सिंह चौहान, नगर विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, विधायक ज्ञान तिवारी, मिश्रिख विधायक रामकृष्ण भार्गव, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवकुमार गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जोशी, अपर जिलाधिकारी आयुष चौधरी और उपायुक्त श्रम एवं रोजगार चंदन देव पांडे समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।

565 जोड़ों के विवाह के साथ समारोह खुशियों और मंगलकामनाओं के बीच संपन्न हुआ। आयोजन स्थल पर पूरे दिन विवाह और उत्सव का माहौल बना रहा।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User