मिड डे मील में लापरवाही पर बड़ा एक्शन: प्रधानाध्यापिका सस्पेंड, BEO को प्रतिकूल प्रविष्टि, रसोइया बर्खास्त

महमूदाबाद विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय छंगापुर में मिड डे मील में अनियमितताओं के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।

Aug 05, 2026 - 16:07
0 1
मिड डे मील में लापरवाही पर बड़ा एक्शन: प्रधानाध्यापिका सस्पेंड, BEO को प्रतिकूल प्रविष्टि, रसोइया बर्खास्त

दीपेन्द्र भदौरिया, ब्यूरो चीफ

सीतापुर। महमूदाबाद विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय छंगापुर में मिड डे मील में अनियमितताओं के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने जांच रिपोर्ट के आधार पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका कल्पना वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित, खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) उदयमणि पटेल को प्रतिकूल प्रविष्टि तथा रसोइया श्रीमती अनीता की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं।

बीएसए के आदेश के अनुसार, खंड शिक्षा अधिकारी की जांच में विद्यालय में संचालित मध्याह्न भोजन योजना में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि बच्चों को परोसी जाने वाली सब्जी की गुणवत्ता लगातार खराब थी, दूध निर्धारित मात्रा में वितरित नहीं किया जा रहा था तथा बच्चों को व्यवस्थित बैठाकर भोजन भी नहीं कराया जा रहा था।

जांच में इन अनियमितताओं के लिए प्रधानाध्यापिका कल्पना वर्मा को प्रथम दृष्टया दोषी माना गया। उन पर विभागीय आदेशों की अनदेखी, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता और अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही के आरोप पाए जाने के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

बीएसए ने निलंबन प्रकरण की जांच की जिम्मेदारी पहला के खंड शिक्षा अधिकारी पुष्पराज सिंह को सौंपी है। जांच अधिकारी को एक माह के भीतर आरोप पत्र जारी कर साक्ष्यों सहित विस्तृत जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निलंबन अवधि में कल्पना वर्मा को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा तथा उन्हें प्राथमिक विद्यालय नदवा, महमूदाबाद में अपनी दैनिक उपस्थिति दर्ज करानी होगी।

वहीं, जांच में पर्यवेक्षणीय दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता और लापरवाही पाए जाने पर महमूदाबाद के खंड शिक्षा अधिकारी उदयमणि पटेल को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। इसके अलावा मध्याह्न भोजन तैयार करने और वितरण में गंभीर लापरवाही तथा कार्य-व्यवहार संतोषजनक न पाए जाने पर रसोइया श्रीमती अनीता की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं।

शिक्षा विभाग की इस कड़ी कार्रवाई के बाद जिले के विद्यालयों में हड़कंप मच गया है। बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल ने स्पष्ट किया है कि मिड डे मील की गुणवत्ता से समझौता और बच्चों के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User