फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन के दौरान हादसा
एक युवक घायल, सीएम योगी से मिले सनी देओल व प्रीति जिंटा
फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन के दौरान हादसा
- एक युवक घायल, सीएम योगी से मिले सनी देओल व प्रीति जिंटा
लखनऊ। सनी देओल और प्रीति जिंटा इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘बंटवारा 1947’ को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। लंबे समय बाद इस हिट जोड़ी को एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ देखने के लिए फैंस काफी उत्साहित हैं और दोनों सितारे फिल्म के प्रमोशन में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इसी सिलसिले में दोनों कलाकार नवाबों के शहर लखनऊ पहुंचे, जहां एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक कृष्णा नगर स्थित फीनिक्स मॉल में फैंस की भारी भीड़ के बीच एक युवक गिरकर घायल हो गया। इस घटना के बाद मॉल में हड़कंप मच गया और अव्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे।
सीएम योगी से की मुलाकात
लखनऊ दौरे के दौरान सनी देओल और प्रीति जिंटा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की। दोनों सितारों ने 31 जनवरी 2026 को सीएम आवास पर जाकर उनसे भेंट की. इस खास मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों कलाकारों को देवी-देवताओं की मूर्तियां भेंट स्वरूप दीं और साथ में तस्वीरें भी खिंचवाईं।
मॉल में प्रमोशन के दौरान हुआ हादसा
फिल्म के प्रमोशन के लिए सनी देओल और प्रीति जिंटा लखनऊ के कृष्णा नगर इलाके में मौजूद फीनिक्स मॉल पहुंचे थे। जहां उन्हें देखने के लिए भारी तादाद में फैंस जमा हो गए थे। इसी दौरान मॉल परिसर में लापरवाही के चलते एक युवक अचानक नीचे गिर गया। शुरुआती खबरों में बताया गया कि युवक को गंभीर चोटें आई हैं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने दी घटना की जानकारी
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लखनऊ पुलिस ने तुरंत स्थिति स्पष्ट की. पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी शेयर करते हुए बताया कि फीनिक्स मॉल में फोटोग्राफी के दौरान एक व्यक्ति के पैर में मामूली चोट लग गई थी। पुलिस के मुताबिक, घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार मुहैया कराया गया। युवक पूरी तरह सुरक्षित है, उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई है और मौके पर कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
--बाक्स में---
फिल्म ‘बंटवारा 1947’ साबित करेगी कि
इंसानियत से बढ़कर कुछ नहीं : सनी देओल
मशहूर सिने अभिनेता सनी देओल ने कहा कि उनकी जल्द आने वाली फिल्म ‘बंटवारा 1947’ दर्शकों को यह एहसास कराएगी कि इंसानियत से बढ़कर कुछ नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे बंटवारे की मानवीय भावनाओं को महसूस करने के लिए इसे जरूर देखें। यह फिल्म 14 अगस्त को रिलीज होने वाली है। आमिर खान प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित यह फिल्म हिंदी के मशहूर साहित्यकार प्रोफेसर असगर वजाहत के नाटक ‘जिस लाहौर नई वेख्या ओ जम्याई नई’ पर आधारित है। ‘जिस लाहौर नई वेख्या ओ जम्याई नई’ मतलब है ‘जिसने लाहौर नहीं देखा, उसने मानो जन्म ही नहीं लिया यानी उसने कुछ नहीं देखा’। यह साफ करते हुए कि यह फिल्म उनकी 2001 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘गदर: एक प्रेम कथा’ से अलग है, जो भारत-पाकिस्तान के रिश्तों और बंटवारे की पृष्ठभूमि पर बनी थी। देओल ने कहा कि पिछली फिल्म मुख्य रूप से एक प्रेम कहानी थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)