पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज का मैदान बना शराबियों का अड्डा

शिक्षा के मंदिर में नशेड़ियों का डेरा, सुरक्षा व्यवस्था बेपटरी

Nov 22, 2026 - 17:16
0 0
पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज का मैदान बना शराबियों का अड्डा
पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज का मैदान बना शराबियों का अड्डा
पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज का मैदान बना शराबियों का अड्डा

पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज का मैदान बना शराबियों का अड्डा

 शिक्षा के मंदिर में नशेड़ियों का डेरा, सुरक्षा व्यवस्था बेपटरी

इंटर कॉलेज परिसर में शराबियों का जमावड़ा, डीएम-एसपी की मॉक ड्रिल से पहले खुली पोल

दीपेन्द्र भदौरिया ब्यूरो चीफ 

सीतापुर। शहर के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज का मैदान इन दिनों शराबियों और नशेड़ियों का पसंदीदा ठिकाना बनता जा रहा है। शाम ढलते ही यहां अराजक तत्वों का जमावड़ा लगने लगता है। आरोप है कि शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने वाले लोग देर रात तक मैदान में डेरा जमाए रहते हैं। हैरानी की बात यह है कि जिस परिसर में सैकड़ों छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण करते हैं, उसका मुख्य गेट आम लोगों के लिए खुला रहने से विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

बताया जाता है कि खुले गेट का फायदा उठाकर अराजक तत्व दोपहिया और चारपहिया वाहनों से परिसर में बेधड़क प्रवेश करते हैं। मैदान में मैच, गुल्ली-डंडा सहित अन्य गतिविधियां होती रहती हैं। इस दौरान विद्यालय से निकलने वाले छात्र-छात्राओं और उनके परिजनों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार वाहनों और खेलकूद के चलते वाहन,छात्र व परिजन चोटिल भी हो चुके हैं। स्थानीय स्तर पर विरोध करने पर विवाद की स्थिति उत्पन्न होने के आरोप भी हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, देर शाम मैदान में शराबियों का जमावड़ा लग जाता है। ठेके से शराब की बोतल, पव्वा और चिप्स आदि खरीदकर लोग एकांत में बैठकर नशा करते हैं। सुबह परिसर में शराब की खाली बोतलें और अन्य सामग्री बिखरी मिलना आम बात हो गई है। विद्यालय के कर्मचारियों द्वारा मना करने पर कुछ लोगों से विवाद होने की स्थिति भी बनती रहती है।

यह क्षेत्र सीतापुर कोतवाली नगर क्षेत्र की जिला अस्पताल पुलिस चौकी के अंतर्गत आता है। इसके बावजूद नियमित पुलिस गश्त और निगरानी के अभाव में शिक्षा का मंदिर नशेड़ियों के लिए मानो खुली कैंटीन बन गया है।

मॉक ड्रिल से पहले व्यवस्था पर सवाल

विडंबना देखिए कि रविवार शाम छह बजे इसी मैदान में आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल प्रस्तावित है। इसमें जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित जिले के प्रमुख अधिकारियों और मीडिया की मौजूदगी रहेगी। ऐसे में सवाल उठता है कि जिस परिसर में जिले के आला अधिकारी आपदा प्रबंधन की तैयारियों का प्रदर्शन करेंगे, उसी परिसर की सुरक्षा और अनुशासन व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए अब तक प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए गए?

सवाल यह है कि क्या शिक्षा के मंदिर को नशेड़ियों के कब्जे से मुक्त कराने के लिए प्रशासन और पुलिस कोई ठोस कदम उठाएंगे?

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User