स्कूल में 10वीं की दो छात्राओं पर आरी से हमला:आंध्र प्रदेश के अनंतपुर के सरकारी स्कूल की घटना, आरोपी गिरफ्तार

Oct 31, 2026 - 14:47
0 0
स्कूल में 10वीं की दो छात्राओं पर आरी से हमला:आंध्र प्रदेश के अनंतपुर के सरकारी स्कूल की घटना, आरोपी गिरफ्तार
आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के राप्ताडु में शनिवार को 10वीं की दो छात्राओं पर स्कूल की कक्षा में आरी से हमला किया गया। घटना राप्ताडु के जिला परिषद हाई स्कूल की है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अनंतपुर के DSP अश्विन मनीदीप काकुमानु ने बताया कि कक्षा में पढ़ाई के दौरान 21 साल का एक युवक पावर आरी लेकर घुस गया। उसने दो छात्राओं पर हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। इनमें से एक की हालत नाजुक है। घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है। उस समय क्लास में शिक्षक की मौजूदगी में पढ़ाई चल रही थी, तभी आरोपी हेमंत उर्फ डुम्मू वहां पहुंचा और छात्राओं पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी धर्मावरम मंडल के नागलुर गांव का रहने वाला है और घायल छात्राओं में से एक का दूर का रिश्तेदार है। वारदात के बाद वह स्कूल से फरार हो गया था। हालांकि, पुलिस ने उसे धर्मावरम रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। एक छात्रा की हालत गंभीर, बेंगलुरु शिफ्ट किया जाएगा घायल छात्राओं को तत्काल अनंतपुर के सरकारी जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से एक छात्रा की हालत गंभीर है। उसकी सर्जरी की जा रही है। बेहतर इलाज के लिए उसे एयर एंबुलेंस से बेंगलुरु ले जाने की तैयारी है। CM नायडू बोले- खुद इलाज पर नजर रख रहे घटना पर मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने नाराजगी जताई। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि स्कूल के क्लासरूम में 10वीं की छात्रा पर हुआ बर्बर हमला उन्हें अंदर तक झकझोरने वाला है। स्कूलों में बच्चियों को निशाना बनाने वालों के लिए समाज में कोई जगह नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह छात्रा के स्वास्थ्य पर व्यक्तिगत रूप से नजर रख रहे हैं। उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर इलाज देने और पुलिस को आरोपी के खिलाफ तेजी से कार्रवाई कर कड़ी कानूनी सजा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षा मंत्री बोले- आरोपी के खिलाफ कड़ा एक्शन लेने को कहा शिक्षा मंत्री नारा लोकेश ने भी घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि स्कूल जैसी सुरक्षित जगह पर छात्रा के साथ इस तरह की अमानवीय घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस को आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हमले के पीछे की वजह और घटनाक्रम का पता लगाया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User