वारासत के नाम पर बुजुर्ग को ले जाकर जमीन का फर्जी बैनामा कराने का आरोप, मुकदमा दर्ज
वारासत के नाम पर बुजुर्ग को ले जाकर जमीन का फर्जी बैनामा कराने का आरोप, मुकदमा दर्ज
वारासत के नाम पर बुजुर्ग को ले जाकर जमीन का फर्जी बैनामा कराने का आरोप, मुकदमा दर्ज
चंद्र प्रकाश चौबे ब्यूरो
आर्य चेतना न्यूज
कुशीनगर।
पडरौना थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 19 स्थित खिरिया टोला निवासी हफीजुन्निशा पत्नी जहूर अंसारी ने अपने पट्टीदार पर वारासत कराने के नाम पर एक बुजुर्ग को अपने साथ ले जाकर उनकी जानकारी के बिना कब्जे-दखल वाली जमीन का कथित रूप से फर्जी बैनामा कराने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पडरौना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता का आरोप है कि उनके पट्टीदार यासीन पुत्र नूर मोहम्मद बुजुर्ग और निरक्षर हैं। आरोप के मुताबिक, कयामुद्दीन अंसारी उन्हें वारासत कराने के नाम पर अपने साथ ले गया। इसी दौरान उनकी जानकारी के बिना हफीजुन्निशा के कब्जे-दखल वाली भूमि से संबंधित दस्तावेज तैयार कराकर उक्त जमीन का बैनामा आरोपी की पत्नी के नाम करा दिया गया।
शिकायत में हफीजुन्निशा ने बताया है कि आबादी की भूमि संख्या 774 का कुल रकबा 0.138 हेक्टेयर है, जिसमें कई अन्य खातेदारों का भी हिस्सा दर्ज है। उनके अनुसार खानगी बंटवारे के बाद सभी संबंधित लोग अपने-अपने हिस्से की भूमि पर लंबे समय से काबिज हैं। जमीन के विभिन्न हिस्सों पर मकान भी बने हुए हैं और संबंधित लोग उसका उपयोग करते आ रहे हैं।
पीड़िता का आरोप है कि यासीन का हिस्सा उक्त भूमि से अलग स्थान पर है। इसके बावजूद उसे वारासत कराने की बात कहकर ले जाया गया और कथित रूप से हफीजुन्निशा के कब्जे वाली भूमि के कागजात तैयार कराकर आरोपी ने अपनी पत्नी के नाम बैनामा करा लिया।
मामले की जानकारी होने के बाद हफीजुन्निशा ने पुलिस से शिकायत कर पूरे प्रकरण की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही प्रशासन से भूमि पर अपने कब्जे एवं अधिकार की जांच कराकर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। बैनामा, भूमि संबंधी दस्तावेजों एवं अन्य अभिलेखों की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
3
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)