कॉकरोच पार्टी का आज नागपुर में प्रदर्शन:दीपके का चुनावों में गड़बड़ी का आरोप; प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम की फोटो रखकर मोदी चालीसा बजाई
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) गुरुवार को नागपुर में सेव डेमोक्रेसी, सेव कॉन्स्टिट्यूशन कार्यक्रम करेगी। यह प्रदर्शन और जनसभा शाम 4 बजे संविधान चौक पर होगी। इससे पहले CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर पीएम मोदी से जुड़ी सामग्री को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि अन्य राजनीतिक पोस्ट को दबाया जा रहा है। दीपके ने दावा किया कि जनवरी से जून के बीच इंस्टाग्राम से 50 लाख से ज्यादा पोस्ट हटाए गए। विरोध जताने के लिए उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी की तस्वीर लगाई और मोदी चालीसा भी बजाई। दीपके ने आरोप लगाया कि देश में चुनावी प्रक्रिया प्रभावित हो रही है और चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि चुनाव अब केवल औपचारिकता बनकर रह गए हैं और चुनावों में गड़बड़ियां हो रही हैं। उन्होंने कहा कि देश संविधान और डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों के अनुसार चलना चाहिए। दीपके ने कहा कि CJP किसी राजनीतिक दल का समर्थन नहीं करती और न ही पार्टी बनाने की उसकी कोई योजना है। संगठन युवाओं के रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं जैसे मुद्दों को चुनाव में प्रमुखता दिलाना चाहता है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी जाति और धर्म के बजाय विकास से जुड़े मुद्दों पर जवाब मांग रही है। प्रदर्शन में अभिनेता और सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश राज तथा पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका भी शामिल होंगे। आशुतोष रांका ने बताया कि CJP महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त विदर्भ और मराठवाड़ा क्षेत्रों में छह दिवसीय ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान चलाएगी। संगठन के सदस्य दोनों क्षेत्रों में तीन-तीन दिन रहकर किसानों से बातचीत करेंगे और सूखे के कारण उनकी समस्याओं को सामने लाएंगे। इस अभियान के जरिए किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं को अपनी बात रखने का मंच दिया जाएगा। रांका के मुताबिक, गोवा में मिले अच्छे रिस्पॉन्स के बाद यह अभियान दिल्ली, केरल, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी चलाया जाएगा। गोवा में संगठन स्थानीय सामाजिक संस्थाओं और लोगों के साथ मिलकर नागरिक घोषणापत्र तैयार करेगा, ताकि राजनीतिक दलों के सामने जनता से जुड़े मुद्दे रखे जा सकें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)