राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी:राहुल गांधी बोले- पिता की हत्या के लिए माहौल बनाया गया

Nov 24, 2026 - 13:35
0 0
राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी:राहुल गांधी बोले- पिता की हत्या के लिए माहौल बनाया गया
राहुल गांधी ने दावा किया है कि उनके पिता राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए किया गया, ताकि उनकी हत्या हो सके। एक नए वीडियो में राहुल गांधी ने सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी के साथ यह बात कही। वीडियो में वे सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक पर चर्चा कर रहे हैं। राहुल ने बताया कि उन्होंने अपनी मां सोनिया गांधी से कहा था कि अगर सुरक्षा बहाल नहीं की गई, तो उन्हें जल्द ही पिता के अंतिम संस्कार में लौटना पड़ सकता है। राजीव गांधी की 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में आत्मघाती हमले में हत्या कर दी गई थी। बिहार दौरे के बाद राहुल ने जताई थी आशंका सोनिया गांधी ने वीडियो में बताया कि राहुल गांधी अपने पिता के साथ बिहार दौरे पर गए थे। उन्होंने इस दौरे को “बहुत डरावना” बताया। सोनिया के मुताबिक, उस समय राजीव गांधी विपक्ष के नेता थे। वे खुले जीप में यात्रा कर रहे थे। लोगों ने उन पर पत्थर और चट्टानें फेंकीं। सोनिया गांधी ने कहा कि अगर सुरक्षा ठीक नहीं हो और किसी राज्य में BJP या विपक्ष की सरकार हो, तो वहां सुरक्षा पर खास ध्यान नहीं दिया जाता। जिम्मेदार लोग कहते हैं, “हां आ रहा है, तो ठीक है, सामान्य तरीके से अपना काम करो।” उन्होंने कहा कि राहुल पूरे दौरे में अपने पिता के साथ थे। उन्होंने राजीव गांधी पर पत्थर फेंके जाते और उनके खिलाफ नारेबाजी व शोर सुना। सोनिया गांधी के अनुसार, घर लौटकर राहुल ने उनसे कहा, “मां, अगर हमने पापा की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया, तो मुझे पता है कि मैं बहुत जल्द उनके अंतिम संस्कार में लौटूंगा।” राहुल गांधी ने बिहार दौरे को “आखिरी चेतावनी” बताया। उन्होंने कहा कि वह इससे पहले भी सुरक्षा को लेकर अपनी बात साफ कर चुके थे। राहुल ने कहा, “पापा की सुरक्षा इसलिए हटाई गई, ताकि उनकी हत्या हो सके। उनकी सुरक्षा हटना सिर्फ हादसा नहीं था। यह जानबूझकर किया गया था।” उन्होंने आगे कहा, “उनकी हत्या के लिए माहौल बनाया गया था। यह साफ दिख रहा था कि क्या हो रहा है।” राहुल ने बताया कि उन्होंने इस बारे में अपने पिता और मां, दोनों से बात की थी। इस मुद्दे पर उनका अपने पिता से बहस भी हुई थी। राजीव गांधी की सुरक्षा और 1991 का हमला राजीव गांधी पूर्व एयरलाइन पायलट थे। 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद वह प्रधानमंत्री बने थे। कई वर्षों तक राजीव गांधी बुलेटप्रूफ जैकेट पहनते थे। उनकी कड़ी सुरक्षा रहती थी। विरोधी दल के नेता इसका मजाक भी उड़ाते थे। 1989 के लोकसभा चुनाव में राजीव गांधी हार गए। उस समय विपक्षी गठबंधन चुनाव जीतकर सत्ता में आया था। वीपी सिंह ने तब कहा था कि कमांडो दस्ते से घिरे रहने वाले राजीव गांधी “लोगों से कट गए हैं।” राजीव गांधी ने 1991 में बिहार की एक रैली में इस बात को स्वीकार किया था। टाइम मैगजीन के मुताबिक, उन्होंने 5 मई को बिहार में कहा था, “मैं 1984 में कांग्रेस का महासचिव रहते ऐसे ही प्रचार करता था। लेकिन प्रधानमंत्री बनने के बाद सिस्टम ने मुझे अपने कब्जे में ले लिया।” उन्होंने कहा था, “खतरा अभी भी है और कम नहीं हुआ है। लेकिन कोई विकल्प नहीं है। या तो आप प्रचार करें या अपनी सुरक्षा संभालें।” इसके बाद राजीव गांधी का अगला पड़ाव तमिलनाडु का श्रीपेरंबदूर था। 21 मई को एक महिला चंदन की माला लेकर उनके सामने झुकी। तभी बम विस्फोट हुआ और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की मौत हो गई। वह 46 साल के थे। प्रियंका ने बताई सोनिया की चिंता प्रियंका गांधी ने कहा कि इंदिरा गांधी की हत्या के बाद सोनिया गांधी राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर बहुत चिंतित रहती थीं। उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी घर की कांटेदार तारें जांचती थीं। वह यह भी देखती थीं कि सुरक्षा गार्ड सो तो नहीं रहे हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि उनका कमरा घर के सामने था। इसलिए वह अपने पिता के कदमों की आवाज सुनने तक सोती नहीं थीं। प्रियंका ने कहा कि उनके पिता की मौत को लेकर राहुल गांधी के निष्कर्ष तर्कसंगत थे। उन्होंने अपने जवाब को पूरी तरह भावनात्मक बताया। वीडियो में राहुल गांधी को उनके पिता की तरह लोकसभा में विपक्ष का नेता बताया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User