मप्र:नाले में बही ईको वैन,3 साल के मासूम समेत 9 शव बरामद
-दो युवक तैरकर बाहर आए, पानी में डूबे अधूरे पुल को देख नहीं पाया ड्राइवर
मप्र:नाले में बही ईको वैन,3 साल के मासूम समेत 9 शव बरामद
-दो युवक तैरकर बाहर आए, पानी में डूबे अधूरे पुल को देख नहीं पाया ड्राइवर
सारंगपुर (राजगढ़)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में दो दिनों से लगातार हो रही तेज बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। सोमवार सुबह पचोर-सारंगपुर रोड पर पड़ाना कस्बे के पास झिरी नाले में 11 लोगों से भरी ईको वैन बह गई। हादसे में अब तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं। मृतकों में तीन पुरुष, दो महिलाएं और तीन साल का बच्चा शामिल है। दो लोग तैरकर बाहर निकल आए, जबकि बाकी की तलाश में एसडीआरएफ की टीम जुटी रही। सभी शवों को सारंगपुर लाया गया है।
ईको वैन में सवार सभी लोग देवास जिले के रहने वाले थे और सतवास से कड़लावद गांव जा रहे थे। वाहन में 3 पुरुष, 4 महिलाएं और 4 बच्चे सवार थे। कार सतवास के धांसड़ गांव निवासी मुकेश सिंह चौहान के नाम पर रजिस्टर्ड है और हादसे के वक्त वही कार चला रहा था। हादसे के बाद मुकेश सिंह चौहान और उनके चाचा हुकुम सिंह तैरकर नाले से बाहर निकल आए।
पड़ाना के पास झिरी नाले पर करीब 30 फीट का पुल निर्माणाधीन है। तेज बारिश के कारण पानी पुल के ऊपर से बह रहा था। इसी दौरान ड्राइवर को अधूरा पुल दिखाई नहीं दिया और उसने कार पुल के ऊपर चढ़ा दी। पानी के तेज बहाव में ईको वैन नाले में बह गई। हादसे के तुरंत बाद 4 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई थी, लेकिन रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मृतकों की संख्या बढ़कर 7 हो गई। सारंगपुर एसडीएम रोहित बम्होरे ने बताया कि क्षेत्र में कल रात से जोरदार बारिश हो रही थी. इसके कारण 40 से 50 गांवों में जलभराव की स्थिति बनी हुई थी। सुबह करीब 9 बजे पुलिया से गाड़ी नीचे उतरने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि कई लोगों ने वाहन चालक को पुल से गाड़ी नहीं निकालने के लिए मना किया था, लेकिन इसके बावजूद गाड़ी निकाली गई और वह नाले में उतर गई.स्थानीय लोगों ने तत्काल रेस्क्यू कर दो लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 7 शव बरामद किए। बाकी लोगों की तलाश जारी है। राजगढ़ कलेक्टर डॉ गिरीश मिश्रा ने बताया कि नाले में बहे सभी 9 शव हुए बरामद कर लिए गए हैं।
4-4 लाख का मुआवजा
प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने का ऐलान किया है। सीएम यादव ने ‘एक्स’ पर लिखा, राजगढ़ जिले के पचोर-सारंगपुर मार्ग पर बारिश के कारण हुई दुर्घटना में यात्रियों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिजनों के साथ हैं। मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। दुर्घटना में लापता नागरिकों की खोजबीन जारी है। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)