पूर्व CJI चंद्रचूड़ बोले- AI से बोरिंग काम करवाइए:लेकिन फैसला लिखने और उस पर दस्तखत का काम जज ही करें
पूर्व CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा कि AI अदालतों के ऊबाऊ और रोजमर्रा का काम कर सकता है। लेकिन फैसला और उसकी वजह जज की जिम्मेदारी ही रहनी चाहिए। AI का इस्तेमाल ट्रांसक्रिप्शन, अनुवाद, मामलों की सूची बनाने और दस्तावेजों की कमियां खोजने में हो सकता है। नई दिल्ली में शनिवार को हुए ‘AI फॉर ऑल: AI गवर्नेंस एंड ट्रस्ट, द केस फॉर जुडिशियल एक्सेस एंड एनपावर्ड इंडिया’ कार्यक्रम में पूर्व CJI ने ये बातें कहीं। चंद्रचूड़ ने कहा, “इन AI टूल्स में एक बात समान है। ये ट्रांसक्रिप्शन, अनुवाद, मामलों की सूची और दस्तावेजों की कमियां खोजने का काम करते हैं। यह उबाऊ काम है। अदालतों का ज्यादातर समय इसी में चला जाता है।" उन्होंने कहा, “भारतीय न्याय व्यवस्था की त्रासदी यह है कि जज अपना समय उस काम में लगा रहे हैं, जो उनके समय का सबसे कम हिस्सा होना चाहिए। उनका ध्यान असल में तुरंत फैसला लेने पर होना चाहिए।” पूर्व CJI ने फर्जी साइटेशन से चेताया- 2 केस बताए AI से बने फर्जी कानूनी हवालों का जिक्र करते हुए चंद्रचूड़ ने सुप्रीम कोर्ट के 2 मामले बताए। चंद्रचूड़ ने कहा- जो लॉ रिपोर्ट अस्तित्व में ही नहीं है, उसे 30 सेकंड में पकड़ा जा सकता है। लेकिन असली फैसले में गढ़ा हुआ पैराग्राफ हर आम जांच में पास हो जाएगा।
मशीन से बना हर साइटेशन और हर अनुवाद इंसान को चेक करना होगा, और हर इस्तेमाल का रिकॉर्ड रखना होगा। अदालतों में AI के लिए प्रस्तावित नियम पूर्व CJI ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की AI कमेटी ने 3 जून को अदालतों में AI के इस्तेमाल के लिए ड्राफ्ट नियम जारी किए थे। ये प्रस्तावित नियम सुप्रीम कोर्ट से लेकर ट्रायल कोर्ट और ट्रिब्यूनल तक लागू करने के लिए बनाए गए हैं। इन नियमों का आधार मानव की प्राथमिकता, पारदर्शिता, जवाबदेही, डेटा सुरक्षा और न्यायिक स्वतंत्रता है। चंद्रचूड़ ने कहा कि ड्राफ्ट नियम केस मैनेजमेंट, ट्रांसक्रिप्शन, अनुवाद और रिसर्च में AI के इस्तेमाल की अनुमति देते हैं। हालांकि, किसी व्यक्ति के जमानत जोखिम का आकलन करने या गवाह की विश्वसनीयता तय करने में AI के इस्तेमाल पर रोक होगी। उन्होंने कहा कि जहां किसी के अधिकार या आजादी का सवाल हो, वहां अपारदर्शी सिस्टम की अनुमति नहीं होनी चाहिए। प्रस्तावित नियमों में अदालतों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले हर AI टूल का रजिस्टर रखने की बात कही गई है। किसी गड़बड़ी की स्थिति में घटनाओं का डेटाबेस भी बनाया जाएगा। जो पक्ष अपनी दलीलों में AI का इस्तेमाल करेंगे, उन्हें इसकी जानकारी देनी होगी। चंद्रचूड़ ने नियमों को अंतिम रूप देने से पहले तीन मुद्दों पर ध्यान देने की जरूरत बताई। इनमें AI से जुड़ी गलतियों, जैसे गलत अनुवाद, को चुनौती देने की व्यवस्था शामिल है। उन्होंने जिला जजों की ट्रेनिंग और स्वतंत्र ऑडिट की जरूरत भी बताई। AI के लिए पूर्व CJI चंद्रचूड़ के 5 टेस्ट टेस्ट 1: फैसला और दस्तखत इंसान का होगा फैसला लोक शक्ति का इस्तेमाल है, जो शपथ लिए हुए व्यक्ति करता है, वजह देता है, और अपील में जवाबदेह रहता है। भाषा मॉडल ने कोई शपथ नहीं ली है, उसे ऊपरी अदालत में समझाने को नहीं कहा जा सकता, और उसे हिरासत में बैठे बेगुनाह की चिंता नहीं होती। उसे कागज ढूंढने दो, अनुवाद करने दो, सारांश बनाने दो। फैसला और उसकी वजह जज की ही होगी। टेस्ट 2: आजादी कभी प्रॉबेबिलिटी स्कोर से तय नहीं होगी जमानत के फैसले में अदालत को सामने खड़े व्यक्ति, आरोप, रिकॉर्ड पर मौजूद सामग्री और मामले की परिस्थितियों को देखना होता है। रिस्क स्कोर पैटर्न से कुछ जानकारी दे सकता है, लेकिन व्यक्ति का आकलन नहीं कर सकता। ये संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत आजादी की सुरक्षा के अनुरूप ही होना चाहिए। टेस्ट 3: मुकदमेबाज को बताया जाए कि AI का इस्तेमाल हुआ है अगर किसी टूल ने मेरे सबूत का अनुवाद किया या मेरी अपील का सारांश बनाया, तो मुझे पता चलना चाहिए, और मुझे ये कहने का हक होना चाहिए कि उसने गलत किया, बहुत गलत किया।
इसीलिए याद रखिए, हमारे अनुवादित फैसले इंसानों से जांचे जाते हैं। जिस अनुवाद को किसी ने जांचा नहीं, वो फैसले के बारे में अफवाह है। टेस्ट 4: टेक्नोलॉजी कतार में सबसे पीछे खड़े व्यक्ति तक पहुंचे अदालतों में AI का सबसे मजबूत पक्ष यही है कि फैसला उसी दिन मुकदमेबाज को मराठी या असमिया में मिल जाए, और अगली तारीख बेसिक फोन पर आवाज से पूछी जा सके। टेस्ट 5: डेटा सुरक्षा इसके लिए संप्रभु डेटाबेस और भारत में बना AI मॉडल होना चाहिए। उन्होंने कहा- इनमें से कोई भी टेस्ट टेक्नोलॉजी का विरोधी नहीं है। हर एक टेस्ट बताता है कि अच्छा जज पहले से क्या करता है। लंबित मामलों के बीच तकनीक की जरूरत चंद्रचूड़ ने बड़ी संख्या में लंबित मामलों को देखते हुए न्याय व्यवस्था में तकनीकी मदद की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने राज्यसभा में कानून मंत्री के जुलाई में दिए बयान का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि देश की अदालतों में करीब 5.64 करोड़ मामले लंबित हैं। उन्होंने बताया कि भारत में 10 लाख लोगों पर करीब 15 जज हैं। 1987 में लॉ कमीशन ने 10 लाख लोगों पर 50 जजों की सिफारिश की थी। चंद्रचूड़ ने कहा कि जिला अदालत का एक जज औसतन करीब 2,200 मामले संभालता है। उन्होंने इंडिया जस्टिस रिपोर्ट के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि कानूनी सहायता पर हर व्यक्ति के लिए सालाना 6.46 रुपए खर्च होते हैं। ज्यादातर जगहों पर इतने पैसे में एक कप चाय भी नहीं मिलेगी। अदालतों में चल रही तकनीकी पहल चंद्रचूड़ ने अदालत में चल रही तकनीकी पहलों की भी जानकारी दी। इनमें अदालत में हुई दलीलों का AI से ट्रांसक्रिप्शन शामिल है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के अनुवाद टूल ‘सुवास’ का भी जिक्र किया। यह टूल फैसलों का 18 भारतीय भाषाओं में अनुवाद कर चुका है। उन्होंने बताया कि केरल की सभी ट्रायल कोर्ट में 1 नवंबर 2025 से गवाहों के बयान दर्ज करने के लिए स्पीच-टू-टेक्स्ट तकनीक का इस्तेमाल हो रहा है। उन्होंने कहा कि IIT मद्रास के साथ मिलकर एक टूल का परीक्षण किया जा रहा है। यह नई अदालत में दाखिल की गई अर्जियों और दस्तावेजों की कमियां पहचानने में मदद करेगा। चंद्रचूड़ ने कानूनी पेशे से जुड़े लोगों को भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि वकीलों को किसी फैसले का हवाला देने से पहले उसे पूरा पढ़ना चाहिए। उन्होंने बार काउंसिल ऑफ इंडिया के रुख का हवाला देते हुए कहा कि वकील अपनी दलीलों में हुई गलतियों के लिए तकनीक को जिम्मेदार नहीं ठहरा सकते।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)