तमिलनाडु की पहाड़ी पर आज दीप जलेगा, 5600 पुलिसकर्मी तैनात:तनाव की आशंका, आम लोगों की एंट्री बंद; BJP नेताओं को हिरासत में लिए जाने की अटकलें

Nov 24, 2026 - 11:13
0 0
तमिलनाडु की पहाड़ी पर आज दीप जलेगा, 5600 पुलिसकर्मी तैनात:तनाव की आशंका, आम लोगों की एंट्री बंद; BJP नेताओं को हिरासत में लिए जाने की अटकलें
तमिलनाडु के मदुरै में तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम उत्सव के लिए सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पहाड़ी पर दीपथून यानी पत्थर के स्तंभ को बैरिकेडिंग से घेर दिया गया है। पहाड़ी से नीचे मंदिर तक 5,600 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। विवाद के बीच जिला प्रशासन ने 23 नवंबर रात 9 बजे से 25 नवंबर सुबह 10 बजे तक निषेधाज्ञा लागू की है। इस दौरान सार्वजनिक सभाओं, रैलियों और बिना अनुमति पहाड़ी पर चढ़ने पर रोक रहेगी। आम लोगों को पहाड़ी की चोटी पर जाने और भीड़ जुटाने की अनुमति नहीं होगी। BJP और हिंदू मुन्नानी के कुछ नेताओं को नजरबंद किया गया है। तिरुनेलवेली में BJP प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन के घर के बाहर भी 50 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं। उन्हें नजरबंद किए जाने या हिरासत में लेने की अटकलें हैं। पहाड़ी को रेड जोन घोषित किया, ड्रोन उड़ाने पर रोक मदुरै के पुलिस कमिश्नर एस. राजेंद्रन ने तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी और आसपास के इलाकों को दो दिन के लिए अस्थायी रेड जोन घोषित किया है। 23 और 24 नवंबर को यहां ड्रोन और UAV उड़ाने पर रोक रहेगी। बिना अनुमति ड्रोन चलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। सुरक्षा के लिए 70 से ज्यादा नए CCTV और फेस रिकग्निशन कैमरे लगाए गए हैं। संवेदनशील जगहों पर बम निरोधक दस्ते भी जांच कर रहे हैं। पुलिस ने पहाड़ी की चोटी, दरगाह, मंदिरों, सीढ़ियों और गिरिवलम रास्ते पर सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। पुलिस तैनाती में 12 पुलिस अधीक्षक, 8 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और 132 पुलिस निरीक्षक शामिल हैं। करीब 12 IPS अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा टीमें बनाई गई हैं। BJP नेताओं को नजरबंद करने पर तमिलिसाई ने उठाए सवाल BJP नेता और तमिलनाडु की पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सोमवार को VCK प्रमुख थोल तिरुमावलवन और अन्य लोगों को दीप जलाने के विरोध में प्रदर्शन की अनुमति दी गई, लेकिन दीप जलाने की मांग करने वाले हिंदू नेताओं और BJP कार्यकर्ताओं को नजरबंद किया जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने इस साल एक बार दीप जलाने की अनुमति दी सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को इस साल 24 नवंबर को पहाड़ी पर स्थित दीपथून स्तंभ पर एक बार दीप जलाने की अनुमति दी थी। यह काम अधिकृत टीम ही करेगी। धार्मिक रस्मों और कोर्ट के आदेश के पालन को निषेधाज्ञा से छूट दी गई है। दीपथून स्तंभ सिकंदर बदूशा दरगाह के पास स्थित है। कार्तिगई दीपम विवाद इसी प्राचीन पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने को लेकर है। कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि अनुमति केवल इसी साल के लिए है। इससे पहाड़ी पर मालिकाना हक या परंपरागत अधिकारों से जुड़े विवाद का फैसला नहीं होगा। तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका लगाई तमिलनाडु सरकार के हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग ने दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति देने वाले आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दाखिल की है। श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने किए इंतजाम कार्तिगई दीपम उत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने भी इंतजाम किए हैं। तिरुचिरापल्ली रेलवे डिवीजन के DRM बालक राम नेगी के मुताबिक, श्रद्धालुओं के लिए दो होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। यहां पानी, शौचालय और टिकट बुकिंग की सुविधा है। सोमवार को विल्लुपुरम की ओर से 14 और कटपडी की ओर से 16 ट्रेनें चलाई गईं। मंगलवार को कुल 37 ट्रेनें चलाने की योजना है। इस बार 8 कोच की जगह 12 कोच वाली EMU ट्रेनें चलाई जा रही हैं। रेलवे ने 150 RPF जवान तैनात किए हैं। राज्य पुलिस के करीब 150 जवान भी सुरक्षा में मदद करेंगे। मेडिकल सुविधा, प्राथमिक उपचार और 108 एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User