NCP अजित गुट ने विलय की अटकलें खारिज कीं:अमित शाह-सुनेत्रा पवार की मुलाकात के बाद मतभेद की खबरें आई थीं

Nov 02, 2026 - 22:56
0 0
NCP अजित गुट ने विलय की अटकलें खारिज कीं:अमित शाह-सुनेत्रा पवार की मुलाकात के बाद मतभेद की खबरें आई थीं
गृह मंत्री अमित शाह से वरिष्ठ नेताओं की मुलाकात के बाद NCP में फूट की खबरों को पार्टी ने सिरे से खारिज कर दिया है। पार्टी ने साफ कहा है कि वह डिप्टी CM सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में एकजुट है और NCP (SP) के साथ विलय का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि सुनेत्रा पवार और उनके बेटों पार्थ पवार और जय पवार की अमित शाह के साथ बैठक में गैरमौजूदगी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं हो रही थीं। पार्टी ने इन चर्चाओं को खारिज किया है। वरिष्ठ नेता ने कहा कि NCP वित्त विभाग वापस लेना चाहती है। यह विभाग कौन संभालेगा, इसका फैसला बाद में किया जाएगा। दरअसल, रविवार रात दिल्ली में अमित शाह से प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे, दिलीप वलसे पाटिल, छगन भुजबल, हसन मुश्रीफ और धनंजय मुंडे की मुलाकात हुई थी। अमित शाह से मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब महाराष्ट्र विधान परिषद के हालिया चुनाव में NCP को झटका लगा। पार्टी औरंगाबाद ग्रेजुएट्स सीट हार गई, जो उसके पास 18 साल से थी। इस बैठक में सुनेत्रा पवार और उनके बेटे पार्थ-जय की गैरमौजूदगी को लेकर सियासी अटकलें तेज हो गई थीं। वित्त विभाग पर फैसला उचित समय पर सुनील तटकरे ने कहा कि अमित शाह के साथ बैठक में वित्त विभाग का मुद्दा उठाया गया था। उन्होंने बताया कि फिलहाल इस विभाग को लेकर कोई फैसला नहीं हुआ है। वित्त विभाग पहले दिवंगत अजित पवार के पास था। बाद में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसे अपने पास रखा। तटकरे ने कहा, “उचित समय पर इस पर फैसला जरूर लिया जाएगा।” तटकरे ने कहा कि पार्टी नेताओं के बीच बातचीत और सामूहिक नेतृत्व के जरिए काम हो रहा है। उन्होंने कहा, “हम एक-दूसरे से संवाद और बातचीत के जरिए काम करते हैं। आने वाले दिनों में भी इसके लिए प्रयास जारी रखेंगे।” कोर कमेटी में संगठन और सूखे पर चर्चा तटकरे ने बताया कि कोर कमेटी की बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत करने, महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति और विधायकों की जिम्मेदारियों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि NCP के सभी विधायकों की बैठक मंगलवार को पार्टी कार्यालय में होगी। कोर कमेटी की बैठक में वरिष्ठ नेता शरद पवार के स्वास्थ्य पर भी चर्चा हुई। नेताओं ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। तटकरे ने कहा, “पवार साहब ने पिछले छह दशक में महाराष्ट्र और देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण योगदान दिया है।” उमेश पाटिल ने दावों को बताया गलत NCP के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता उमेश पाटिल ने उन खबरों को खारिज किया, जिनमें कहा गया था कि दिल्ली की बैठक में पार्टी अध्यक्ष सुनेत्रा पवार और राज्यसभा सांसद पार्थ पवार को अलग रखा गया। उन्होंने इन दावों को “गलत, बेबुनियाद और भ्रामक” बताया। अमित शाह से मिलने वाले NCP नेता रविवार देर रात दिल्ली से मुंबई लौटे। इसके बाद उन्होंने राज्य मंत्री छगन भुजबल के आवास पर बंद कमरे में कई बैठकें कीं। उमेश पाटिल ने कहा कि सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार ने अजित पवार के निधन के बाद पार्टी के सामने मौजूद विभिन्न मुद्दों पर पहले ही अमित शाह से मुलाकात की थी। उन्होंने बताया कि उस बैठक में सुनेत्रा पवार ने अमित शाह को वरिष्ठ नेताओं के प्रतिनिधिमंडल के मिलने की जानकारी दी थी। उन्होंने अमित शाह से प्रतिनिधिमंडल को समय देने का अनुरोध भी किया था। उन्होंने कहा, “बैठक को अनावश्यक राजनीतिक रंग देने की कोशिश हो रही है। पार्टी में मतभेद और तालमेल की कमी का माहौल बनाया जा रहा है।” पाटिल ने कहा कि NCP महायुति गठबंधन का महत्वपूर्ण घटक है और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में एकजुट है। ------------------ ये खबर भी पढ़ें… शरद पवार अस्पताल में भर्ती, सीने में दर्द की शिकायत: हालत स्थिर, लेकिन हॉस्पिटल में ही रहेंगे; 85 साल के नेता कैंसर सर्वाइवर हैं NCP (SP) प्रमुख शरद पवार को सोमवार को पुणे के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें सांस लेने पर बढ़ने वाले सीने के दर्द की शिकायत थी। 85 साल के पवार को खांसी होने के बाद पुणे के प्राइवेट हॉस्पिटल रूबी हॉल क्लिनिक लाया गया। उनकी बेटी, बारामती सांसद और NCP (SP) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने यह जानकारी दी। सुले के मुताबिक, पवार के मेडिकल टेस्ट चल रहे हैं। उनके स्वास्थ्य से जुड़े सभी पैरामीटर स्थिर हैं। पढ़ें पूरी खबर…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User