मोदी गुजरात पहुंचे, आज मंत्रियों के साथ मीटिंग करेंगे:कल संस्कार धाम ट्रस्ट की बैठक में हिस्सा लेंगे; अगले साल राज्य में विधानसभा चुनाव हैं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार की रात करीब 8 बजे अहमदाबाद पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राज्यपाल आचार्य देवव्रत समेत नेताओं ने उनका स्वागत किया। पीएम गांधीनगर लोक भवन में गुजरात सरकार के मंत्रियों के साथ डिनर करेंगे। इससे पहले पीएम शनिवार को बनासकांठा के अंबाजी मंदिर में दर्शन और पूजा करने जाने वाले थे। लेकिन अंतिम समय में कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। बताया जा रहा है कि लाभ पंचम और त्योहारी छुट्टियों के चलते मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। आम जनता को कोई असुविधा न हो, इसलिए पीएम ने अपना दौरा स्थगित कर दिया है। अंबाजी कार्यक्रम रद्द होने के बाद, प्रधानमंत्री का गुजरात दौरा अब गांधीनगर तक ही सीमित रहेगा। सुबह मोदी गांधीनगर में संस्कार धाम ट्रस्ट की बैठक में शामिल होने के बाद दिल्ली रवाना हो जाएंगे। पीएम सिर्फ डिनर के लिए गांधीनगर आ रहे, अटकलों का दौर जारी खास बात यह है कि 4 जुलाई, 2026 को अहमदाबाद हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री समेत राज्य मंत्रिमंडल के साथ बैठक के बाद प्रधानमंत्री 132 दिनों के बाद मंत्रियों से दोबारा बैठक कर रहे हैं। पिछली बैठक में सरकारी विभागों, विकास परियोजनाओं और प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए थे। इसलिए इस बार भी बैठक में सरकार के कार्यों और आगामी राजनीतिक और प्रशासनिक प्राथमिकताओं पर चर्चा होने की संभावना है। पीएम मोदी को अंबाजी दर्शन के लिए जाना था, लेकिन ये कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। अब पीएम बेंगलुरु से सिर्फ डिनर के लिए गांधीनगर आ रहे हैं। इतना ही नहीं, इस दौरान कुछ मंत्रियों को खासतौर पर मौजूद रहने के लिए कहा गया है। ऐसी भी खबरें हैं कि बैठक में PA-PS और कमांडो को भी एंट्री नहीं मिलेगी। गांधीनगर में चर्चाएं चल रही हैं कि पीएम क्या सिर्फ रात्रिभोज के लिए आए हैं या पार्टी-सरकार के भीतर कुछ चल रहा है? गांधीनगर में होने वाली इस बैठक में सीएम भूपेंद्र पटेल, डिप्टी सीएम हर्ष संघवी, सभी राज्य मंत्री, राज्य भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, महासचिव और संगठन महासचिव भी शामिल होंगे। वहीं, बैठक का एजेंडा अभी तक घोषित नहीं किया गया है। इससे राजनीतिक गलियारों में उत्सुकता और चर्चा का दौर चल रहा है। संस्कार धाम की बैठक में शामिल होंगे, ट्रस्टियों से चर्चा करेंगे पीएम मोदी शनिवार सुबह संस्कार धाम ट्रस्ट की बैठक में भाग लेंगे। इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा ट्रस्ट के ट्रस्टी भी मौजूद रहेंगे। बैठक में संस्कार धाम द्वारा आने वाले दिनों में अपनाई जाने वाली विभिन्न योजनाओं और शिक्षा के क्षेत्र में की जाने वाली गतिविधियों पर चर्चा होगी। गौरतलब है कि पीएम मोदी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अपने गुरु वकील साहब की स्मृति में संस्कार धाम की स्थापना की थी। संस्कार धाम शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत एक संस्था है। कल की बैठक में संस्था की आगामी योजनाओं पर चर्चा होने की संभावना है। शुक्रवार को कर्नाटक दौरे पर थे पीएम गुजरात आने से पहले पीएम मोदी शुक्रवार को कर्नाटक के एक दिन के दौरे पर थे। उन्होंने राज्य में ₹15,600 करोड़ के प्रोजेक्ट्स शुरू किए। पीएम ने सुबह बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन किया। उन्होंने काउंटर से टिकट खरीदा और CM डीके शिवकुमार के साथ मेट्रो में सफर किया। शाम को प्रधानमंत्री ने मैसूरु में कॉसमॉस प्लेनेटोरियम का उद्घाटन किया। पूरी खबर पढ़ें….
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)