गोधरा अग्निकांड के दोषी की सजा निलंबित:मेडिकल आधार पर सुप्रीम कोर्ट से जमानत, 17 साल से जेल में; 31 में 11 को अबतक जमानत

Nov 23, 2026 - 13:44
0 0
गोधरा अग्निकांड के दोषी की सजा निलंबित:मेडिकल आधार पर सुप्रीम कोर्ट से जमानत, 17 साल से जेल में; 31 में 11 को अबतक जमानत
सुप्रीम कोर्ट ने 2002 के गोधरा ट्रेन अग्निकांड के दोषी इरफान सिराज पाड़ा की सजा निलंबित कर दी है। कोर्ट ने उसे गंभीर हृदय रोग और 17 साल से ज्यादा समय जेल में बिताने के आधार पर जमानत दी। जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की बेंच ने 23 नवंबर को यह आदेश दिया। गुजरात सरकार ने दोषी की मेडिकल स्थिति पर कोई आपत्ति नहीं जताई। इरफान को 2025 में भी समय से पहले रिहाई की मांग पर राज्य सरकार से विचार कराने के लिए अंतरिम पैरोल मिली थी। 2002 में साबरमती एक्सप्रेस के S-6 कोच में लगी थी आग 27 फरवरी 2002 को साबरमती एक्सप्रेस के S-6 कोच में आग लगने से 58 लोगों की मौत हो गई थी। ट्रेन में अयोध्या से लौट रहे कारसेवक सवार थे। इस घटना के बाद गुजरात में सांप्रदायिक दंगे भड़क गए थे। मार्च 2011 में ट्रायल कोर्ट ने इस मामले में 31 लोगों को दोषी ठहराया था। इनमें 11 को फांसी और बाकी 20 को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। 63 आरोपियों को बरी कर दिया गया था। 2017 में गुजरात हाईकोर्ट ने 11 दोषियों की फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया था। बाकी 20 दोषियों की उम्रकैद की सजा बरकरार रखी थी। दोषियों की अपील 2018 से सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं। पहले भी कई दोषियों को मिल चुकी है जमानत सुप्रीम कोर्ट ने मई 2022 में एक अन्य दोषी अब्दुल रहमान धंतिया उर्फ कंकट्टो उर्फ जंबूरो को अंतरिम जमानत दी थी। उसकी पत्नी को अंतिम चरण का कैंसर था और उसकी बेटियां मानसिक रूप से दिव्यांग थीं। बाद में कोर्ट ने उसकी जमानत मार्च 2023 तक बढ़ा दी थी। दिसंबर 2022 में 17 साल से ज्यादा समय जेल में बिताने के आधार पर एक अन्य दोषी फारूक को जमानत मिली थी। अप्रैल 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले के 8 अन्य दोषियों को भी जमानत दी थी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User