शनिवार के दिन कांग्रेस कार्यालय पर पड़ी ‘शनि’ की दृष्टि, प्रशासन ने जड़ा ताला

शनिवार के दिन कांग्रेस कार्यालय पर पड़ी ‘शनि’ की दृष्टि, प्रशासन ने जड़ा ताला

Aug 22, 2026 - 18:02
0 3
शनिवार के दिन कांग्रेस कार्यालय पर पड़ी ‘शनि’ की दृष्टि, प्रशासन ने जड़ा ताला

शनिवार के दिन कांग्रेस कार्यालय पर पड़ी ‘शनि’ की दृष्टि, प्रशासन ने जड़ा ताला

दीपेंद्र भदौरिया, ब्यूरो चीफ

सीतापुर। शनिवार का दिन सीतापुर कांग्रेस के लिए भारी रहा। शहर के ऐतिहासिक घंटाघर क्षेत्र स्थित शहर कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए परिसर को अपने कब्जे में ले लिया और मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। कार्यालय को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद में प्रशासन की कार्रवाई के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

बताया जा रहा है कि नजूल भूमि पर स्थित कांग्रेस कार्यालय को खाली करने के लिए नगर पालिका प्रशासन की ओर से पूर्व में नोटिस जारी किया गया था। नोटिस की समय-सीमा पूरी होने के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों ने प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। हालांकि, हाईकोर्ट से तत्काल राहत नहीं मिलने के बाद शनिवार सुबह तहसील एवं नगर पालिका प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ कार्यालय पहुंची।

एसडीएम सदर डॉ. जनार्दन कुमार, नगर पालिका ईओ विकास कुमार, तहसीलदार अजीत जायसवाल, कानूनगो और लेखपाल अंजनी सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कार्यालय का निरीक्षण किया। प्रशासन के मुताबिक, कार्यालय पूरी तरह खाली मिला और अंदर कोई सामान नहीं था। इसके बाद प्रशासन ने परिसर को अपने कब्जे में लेकर मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया।

कार्रवाई के दौरान सदर कोतवाल दिनेश प्रकाश पांडेय, थामसनगंज चौकी प्रभारी पूजा कटियार, मंडी चौकी प्रभारी अश्मित भारती सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने कार्रवाई पूरी की।

प्रशासन के अनुसार, पूर्व में जारी नोटिस और उसकी निर्धारित समय-सीमा के आधार पर कार्रवाई की गई है। वहीं, हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद कांग्रेस के सामने अब आगे की कानूनी रणनीति तय करने की चुनौती है।

कार्यालय पर प्रशासन के कब्जे के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। कांग्रेस की ओर से इस कार्रवाई के खिलाफ आगे क्या कदम उठाया जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं। फिलहाल कार्यालय प्रशासन के कब्जे में है और मुख्य द्वार पर ताला लगा हुआ है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User