46% सरकारी अस्पताल मानकों में फेल, 70% पद भी खाली:आयुष्मान योजना में 112 तरह के इलाज सिर्फ सरकारी अस्पतालों में कराने की तैयारी
केंद्र सरकार आयुष्मान भारत योजना में बड़े बदलाव की तैयारी में है। सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए आरक्षित पैकेज 23 से बढ़ाकर 112 करने का प्रस्ताव है। इस पर राज्यों से सुझाव मांगे हैं। 25 नवंबर तक मिले सुझावों पर स्वास्थ्य मंत्रालय विचार कर रहा है। प्रस्ताव में ये बदलाव 1 दिसंबर से लागू करने की बात कही है। हालांकि, सरकारी अस्पतालों की सुविधाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की 2024-25 की रिपोर्ट के मुताबिक, 89% सरकारी अस्पतालों के स्व-मूल्यांकन में केवल 54% अस्पताल ही इंडियन पब्लिक हेल्थ स्टैंडर्ड्स (IPHS) पर 50% से अधिक स्कोर हासिल कर पाए। यानी 46% अस्पताल इस स्तर तक नहीं पहुंच सके। वहीं, सरकार ने इस साल सभी अस्पतालों के मूल्यांकन के बाद 64% अस्पतालों का स्कोर 50% से ऊपर होने का दावा किया। ऐसे में सवाल है कि सरकारी स्वास्थ्य ढांचा 112 पैकेज का बोझ कैसे संभालेगा। 112 पैकेज में शामिल प्रमुख बीमारियां और इलाज सरकारी हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर की बड़ी खामियां... 1. बिस्तर: 1,000 लोगों पर 1 बेड का मानक अधूरा हर जिले में 1,000 की आबादी पर 1 बेड अनिवार्य और 2 बेड वांछनीय हैं। जिला अस्पतालों में बेड की कमी से मरीजों का सारा दबाव मेडिकल कॉलेजों पर है। ग्रामीण इलाकों में किडनी-लिवर के मरीज बढ़ रहे हैं, जिनके लिए जिला स्तर पर न वार्ड हैं, न बेड। 2. क्रिटिकल केयर: 99% आईसीयू ब्लॉक अधूरे जिला अस्पतालों में मंजूर 577 क्रिटिकल केयर ब्लॉक्स में से 6 ही बने हैं। नेशनल हेल्थ प्रोफाइल 2023 के अनुसार औसत उम्र 70 वर्ष हो गई है। बुजुर्ग आबादी बढ़ने से हृदय और श्वसन जैसे क्रिटिकल रोग तेजी से बढ़ रहे हैं, जो देश में मौत के शीर्ष कारण हैं। 3. डॉक्टर: संविदा के भरोसे सुपर-स्पेशियलिटी इलाज 112 पैकेज के लिए कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ऑन्कोलॉजी और नेफ्रोलॉजी विशेषज्ञ चाहिए। वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, एनएचएम के तहत 3.89 लाख कर्मी संविदा पर हैं। इनमें मात्र 5,062 विशेषज्ञ हैं। 1,243 शहरों में कुल 374 विशेषज्ञ ही कार्यरत हैं। 4. आयुष्मान: निजी क्षेत्र पर निर्भरता का जोखिम आयुष्मान में सूचीबद्ध 30,072 अस्पतालों में 48% निजी हैं। सरकारी अस्पतालों में सीटी स्कैन, एमआरआई, डायलिसिस और विशेषज्ञों की कमी रहती है। ऐसे में, 89 नए पैकेज के जटिल मामलों में रेफरल और निजी अस्पतालों के क्लेम बढ़ने का जोखिम रहेगा। एक्सपर्ट बोलीं- पहल अच्छी है लेकिन डॉक्टरों के बिना इलाज असंभव एनएचएसआरसी की पूर्व सलाहकार और जेएनयू की रिटायर्ड प्रोफेसर प्रो. रितु प्रिया के मुताबिक आयुष्मान भारत योजना में बदलाव से लोगों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पतालों में इलाज मिल सकेगा। हालांकि, सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों और संसाधनों की कमी बड़ी चुनौती है। उनके अनुसार, सरकारी अस्पतालों में सर्जन, एनेस्थीसियोलॉजिस्ट और अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों के करीब 70% पद खाली हैं। बड़े शहरों में व्यवस्था संभल सकती है, लेकिन ग्रामीण इलाकों में डॉक्टरों और जरूरी सुविधाओं की कमी है। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और कमजोर है। इमरजेंसी मामलों में भी परेशानी हो सकती है। उदाहरण के लिए, सिजेरियन डिलीवरी जैसे गंभीर मामलों में मरीज को रेफर करने से पहले अस्पताल की क्षमता का प्रमाण देने की प्रक्रिया में देरी हो सकती है, जिससे मरीज की जान खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने सरकार को शुरुआत में नियमों में छूट देने और खाली पदों को समय पर भरने की सलाह दी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)