यूपी में विदेशी-पक्षियों का शिकार कर होटल में परोस रहे:भास्कर कैमरे पर शिकारी बोला- नेता-अफसर सबको मांस भेज रहे; होटलों में ऑन डिमांड सप्लाई

Nov 25, 2026 - 08:59
Updated: 41 minutes ago
0 0
यूपी में विदेशी-पक्षियों का शिकार कर होटल में परोस रहे:भास्कर कैमरे पर शिकारी बोला- नेता-अफसर सबको मांस भेज रहे; होटलों में ऑन डिमांड सप्लाई

-40 डिग्री की जानलेवा ठंड से बचने के लिए 6 हजार किमी का सफर तय करके भारत आने वाले विदेशी पक्षी उत्तर प्रदेश में 'मौत' के जाल में फंस रहे हैं। यूपी के 10 से ज्यादा जिलों में इन संरक्षित प्रवासी पक्षियों का शिकार हो रहा है। होटलों में इनका मांस 3 हजार रुपए प्रति किलो तक बिक रहा है। इस मांस को खाने वालों के सामने दावा किया जाता है कि इससे शारीरिक ताकत और मर्दानगी बढ़ती है। सर्दियों में शरीर गर्म रहता है। दैनिक भास्कर के स्टिंग में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इन शिकारियों को लोकल नेताओं, पुलिस और वन विभाग का संरक्षण मिला हुआ है। बदले में इन्हें पक्षियों का मांस पहुंचाया जाता है। यूपी में शिकारियों के नेटवर्क और नेता-अफसर के गठजोड़ को एक्सपोज करने के लिए संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, बहराइच जिलों में इन्वेस्टिगेशन किया। हमें इनपुट मिला कि नेपाल बॉर्डर से सटे यूपी के जिलों में सबसे ज्यादा शिकार हो रहा है। सोर्स की मदद से भास्कर रिपोर्टर शिकारी आजिम उर्फ बैटरी तक पहुंचे। हमें बताया गया कि शिकारी बांसी क्षेत्र के बड़हरा घाट और चेतिया के जंगलों में है। खरीदार बनकर हम बड़हरा घाट पहुंचे, शिकारी ने यहीं हमसे डील की। रिपोर्टर- विदेशी पक्षियों का मांस चाहिए, हफ्ते में भी… महीने में भी? आजिम- कर देंगे… आप ऑर्डर दीजिए बस, जितना चाहिए… हम डिलीवर करा देंगे। रिपोर्टर- ज्यादा मांस लेंगे, तो कितना पैसा देना होगा? आजिम- रेट एक ही हैं 1700 रुपए… माल भी भूनकर या काटकर सही तरीके से देंगे। ऐसे ही देंगे तो पकड़ा जा सकता है। रिपोर्टर- एक बार में कितना मिल जाएगा…? आजिम- एक बार 5 किलो तक दे देंगे… बनाकर देंगे… किसी को पता नहीं चलेगा। रिपोर्टर- इनका शिकार तो कर नहीं सकते, सख्ती होती है। फिर जंगल में बंदूक लेकर कैसे कर लेते हैं? आजिम- वन विभाग वाले बहुत परेशान कर लेते हैं, उन्हें भी सेट रखते हैं। थोड़ा मांस उन्हें भी खिलाना होता है… बहुत से लोग संपर्क में रहते हैं। रिपोर्टर- विदेशी पक्षियों को पकड़ते कैसे हो? आजिम- जाल लगा देते हैं, एक बार में कई फंस जाते हैं। आइएगा सामने ही पकड़कर दिखा देंगे। रिपोर्टर- मुझे चिड़िया ज्यादा चाहिए…विभाग वालों को सेट करके व्यवस्था कराइए। आजिम- आप पहले बता दीजिएगा…जितना चाहेंगे हो जाएगा। ‘राजा साहब’ को मांस देते हैं, वो बचा लेते हैं… शिकार खुलेआम हो रहा है। ये स्पष्ट होने के बाद पुलिस, लोकल लोग और नेताओं से शिकारी कैसे बच जाते हैं? आजिम इसका जवाब भी देता है कि बांसी के ‘राजा साहब’ को विदेशी पक्षी पहुंचा देते हैं। कभी फंसते हैं, तो उनसे ही पुलिस के अफसरों को फोन करवा देते हैं। रिपोर्टर- जंगल तो खुला होता है, सबको पता तो चल ही जाता होगा? आजिम- अरे हम ‘राजा साहब’ को जानते हैं…। रिपोर्टर- अच्छा, समझ गया… वो भी मदद कर देते हैं क्या? आजिम- हां, कभी कभार फंसे तो वह थाने-चौकी पर फोन कर देते हैं। रिपोर्टर- पुलिस वाले पैसे तो लेते होंगे न… कोई ऐसे कैसे छोड़ देगा? आजिम- नहीं… एक बार राजा साहब बोल देते हैं, हमारे आदमी हैं…फिर क्या। कुछ खाने-पीने की व्यवस्था कर देते हैं। रिपोर्टर- राजा साहब को कैसे जानते हो? आजिम- पुराना संपर्क है… आना-जाना लगा रहता है। उनके बाग में काम कर देते हैं, फ्री में बंदर पकड़ लेते हैं। 10 दिन बाद रिपोर्टर दोबारा बांसी क्षेत्र के बड़हरा घाट गांव पहुंचे। हम देखना चाहते थे कि शिकार के बाद इतने पक्षियों को कहां रखा जाता है? काफी देर बातचीत के बाद जब शिकारी को बड़े ऑर्डर का भरोसा हुआ, तब वह हमें खंडहर जैसे दिखने वाले एक घर में लेकर गया। घर के बाहर ही चारों तरफ चिड़ियों के पंख दिख रहे थे। दीवारों पर खून के छींटे थे…। अंदर आजिम के अलावा चार और सहयोगी मौजूद थे। रिपोर्टर के कहने पर एक नाबालिग लड़के ने पांच अलग-अलग बड़े झोलों में 12 से 15 पक्षी दिखाए। ये जिंदा थे… रस्सी से बांधे हुए थे। इनमें चाहा, सुरखाब और पटेरा पक्षी दिख रहे थे। रिपोर्टर- आज चिड़िया ज्यादा चाहिए… तुम लोग जिंदा भी देते हो क्या? आजिम- मिल जाएंगे… कितने चाहिए? पक्षी जिंदा रखते हैं, बांध देते हैं। पंख खुला रहेगा तो उड़ जाएंगी। रिपोर्टर- विदेशी प्रवासी वाले हैं ना? आजिम- सुरखाब है…काफी महंगा बिकता है। इसे देंगे आपको…अलग बनाइएगा, ये बहुत बढ़िया चीज है। इसका मांस मुलायम होता है। पकड़कर देखो, इसमें कोई हड्डी नहीं मिलेगी। खुले में नहीं बिकता। कुछ होटल वाले फिक्स कस्टमर को खिलाते हैं, रेट 3 हजार प्रति किलो तक होता है। रिपोर्टर- ये दूसरा पक्षी किस प्रजाति का है? आजिम- ये पटेरा है….दूसरा वाला चाहा है। रिपोर्टर- ऐसे नाम क्यों हैं? आजिम- आज तुम चाहा खाओ…मेरे पास विदेशी टिकिया प्रजाति के पक्षी भी हैं। रिपोर्टर- इसकी क्या खासियत होती है? आजिम- जलकुंभी के बीच रहती है, बड़ी चिड़िया होती है। हम लोगों ने इसे तालाब से पकड़ा है। रिपोर्टर- पुलिस वाले तो तुम लोगों को नहीं पकड़ेंगे न? आजिम- पुलिस का कोई डर नहीं…उन्हें मांस पहुंचा देते हैं। शिकारी ने चिड़िया का रेट कार्ड तैयार किया हुआ है… बोला- रेट कम नहीं होंगे… ये भी मेहनत का काम है रिपोर्टर ने जब कहा कि हम ज्यादा माल लेंगे, रेट तो सही लगा लो…। शिकारी ने कहा- ये चीज साल में एक बार आती है, लालसर और सुरखाब पक्षी जल्दी मिलते ही नहीं हैं, 2500 से 3000 में बिकते हैं। होटल वालों को भी पहले ऑर्डर देना पड़ता है, क्योंकि यह बहुत महंगा बिकता है। होटल के लिए ज्यादा लीजिएगा तो रेट थोड़ा कम लगा देंगे। आप 3000 रुपए किलो तक बेच सकते हैं। इनको पकड़ना भी मेहनत का काम है। विदेशी पक्षियों के शिकार में बंदूक का इस्तेमाल नहीं करते शिकारी स्टिंग के दौरान आजिम के जैसे और शिकारियों के बारे में भी पता चला। पीलीभीत, संतकबीरनगर, बहराइच, महराजगंज, प्रयागराज, कानपुर, उन्नाव, हापुड़ और वाराणसी समेत कई जिलों में गंगा नदी के किनारे, वेटलैंड या जहां भी झील-तालाब हैं, वहां ये पक्षी रहते हैं। हमने शिकारी से पूछा- बंदूक से सीधे गोली क्यों नहीं मारते? वह कहते हैं- पक्षी को सही सलामत पकड़ने में मांस ज्यादा मिलता है, नहीं तो बर्बाद ज्यादा हो जाता है। नवंबर से फरवरी तक खूब होता है शिकार साइबेरिया, रूस, मंगोलिया और मध्य एशिया में नवंबर से फरवरी के महीनों में तापमान माइनस 20°C से माइनस 40°C तक चला जाता है। नदियां और झीलों में बर्फ की मोटी परत जमा हो जाती है, जिससे इन पक्षियों के लिए भोजन खोजना मुश्किल हो जाता है। ये पक्षी 4 से 6 हजार किमी उड़कर भारत पहुंचते हैं। यहां सर्दियों का समय बिताने के बाद मार्च-अप्रैल में वापस अपने देश लौट जाते हैं। इस दौरान भारत में ऐसे पक्षियों का शिकार खूब होता है। शिकार पर 7 साल तक की जेल अवैध शिकार व व्यापार रोकने के लिए वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (WCB) सक्रिय है। सर्दियों में सरोवरों पर विशेष टीमों, मोटरबोट और पेट्रोलिंग के जरिए निगरानी की जाती है। मंत्रालय ने नवंबर, 2018 में 'सेंट्रल एशियन फ्लाईवे' के तहत प्रवासी पक्षियों के संरक्षण के लिए विशेष कार्ययोजना शुरू की है। इसके अलावा सुरक्षित झीलों को 'रामसर स्थलों' के रूप में विकसित किया जा रहा है। घट रही मेहमान परिंदों की संख्या डॉ. योगेश प्रताप सिंह कहते हैं- अत्यधिक ठंड वाले क्षेत्रों से पक्षी पूर्वी यूपी के तराई वेटलैंड्स में आते हैं। प्रशासनिक लापरवाही के कारण हो रहे बड़े पैमाने पर शिकार से इन पक्षियों की संख्या तेजी से घट रही है। ये पक्षी हमारे इकोसिस्टम का संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। लगातार शिकार से पक्षी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। अगर यही हाल रहा, तो वे इन इलाकों में आना हमेशा के लिए बंद कर सकते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User