सीतापुर में रसोइयों का सम्मान, 5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा
सीतापुर में रसोइयों का सम्मान, 5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा
सीतापुर में रसोइयों का सम्मान, 5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा
दीपेंद्र भदौरिया, ब्यूरो चीफ
सीतापुर, 23 अगस्त। पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों के सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु, कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष सीतापुर नेहा अवस्थी, जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर., मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गोरखनाथ पटेल ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया।
लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर सभागार से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम को उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं रसोइयों ने उत्साहपूर्वक देखा और सुना। छात्राओं ने स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण के बाद जनपद स्तर पर पांच रसोइयों को रसोइया परिधान किट, जिसमें साड़ी, एप्रन, ग्लव्स और हेड कवर आदि शामिल हैं, वितरित की गई। साथ ही बढ़े हुए मानदेय की प्रतीकात्मक चेक एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में बताया गया कि प्रदेश में पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत 3.54 लाख रसोइयों को अब 5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों के बाद रसोइयों को भी इस स्वास्थ्य सुविधा के दायरे में शामिल किया गया है।
रसोइयों के मानदेय में 1,000 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि की गई है। अब उन्हें कुल 3,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। वहीं ड्रेस/साड़ी के लिए दी जाने वाली राशि भी 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दी गई है।
बताया गया कि प्रदेश के 3.54 लाख रसोइयों में करीब 93 प्रतिशत महिलाएं हैं। उनकी कार्यक्षमता और पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए किचेन गार्डन, पाक कला प्रतियोगिता और पोषण फिल्म के माध्यम से प्रशिक्षण जैसी गतिविधियां भी शुरू की जाएंगी।
कार्यक्रम के माध्यम से रसोइयों के योगदान को सम्मानित करते हुए उनके आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण और स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रसोइया एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)