कंटेंट क्रिएटर का दावा शाहरुख ने भेजा लीगल नोटिस:अनंत अंबानी से जुड़ी रील हटाने को कहा; लॉ फर्म ने दावे को बताया गलत
सोशल मीडिया क्रिएटर सुविज्ञ शर्मा ने दावा किया है कि शाहरुख खान की ओर से उन्हें मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा गया है। शर्मा के मुताबिक, नोटिस में अनंत अंबानी और शाहरुख की बातचीत के वायरल वीडियो से जुड़ी इंस्टाग्राम रील हटाने और 48 घंटे के भीतर 5 मांगें पूरी करने को कहा गया है। उन्होंने नोटिस मिलने के बाद एक और वीडियो जारी कर शाहरुख पर सवाल उठाए। हालांकि, शाहरुख की ओर से ऐसा कोई कानूनी नोटिस भेजे जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, शाहरुख खान का अधिकृत वकील होने का दावा करने वाली लॉ फर्म Hirani Associates ने सुविज्ञ शर्मा की पोस्ट पर कमेंट किया। फर्म ने नोटिस को गलत और भ्रामक बताते हुए कहा कि शाहरुख ने उन्हें या किसी दूसरी लॉ फर्म को ऐसा नोटिस भेजने का निर्देश नहीं दिया। क्या है पूरा मामला? विवाद की शुरुआत एक इंस्टाग्राम रील से हुई। इसे सोशल मीडिया क्रिएटर सुविज्ञ शर्मा ने अपने अकाउंट @ram.bhakt.suvi पर पोस्ट किया था। रील में अनंत अंबानी और आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु की मुलाकात का फुटेज था। शर्मा की रील में दावा किया गया कि इस बातचीत के दौरान अनंत अंबानी ने शाहरुख से चुप रहने के लिए कहा था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर होने लगा और इस पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं आईं। इसके बाद सुविज्ञ शर्मा ने दावा किया कि इस रील को लेकर शाहरुख खान की ओर से उन्हें कानूनी नोटिस भेजा गया है। उनके मुताबिक, नोटिस में वीडियो को भ्रामक और मानहानिकारक बताया गया है। नोटिस में कहा गया है कि इस तरह के दावों से एक्टर की पब्लिक इमेज को नुकसान पहुंच सकता है। दावा- 48 घंटे में पूरी करनी होंगी ये 5 मांगें सुविज्ञ शर्मा के मुताबिक, कानूनी नोटिस में उन्हें 48 घंटे के भीतर 5 मांगें पूरी करने और उठाए गए कदमों की लिखित जानकारी देने को कहा गया है। शर्मा के मुताबिक, नोटिस में यह भी कहा गया है कि मांगें पूरी नहीं होने पर उनके खिलाफ दीवानी और आपराधिक कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। सुविज्ञ शर्मा ने यह भी कहा, “तो क्या जिस व्यक्ति ने कथित तौर पर शाहरुख खान से चुप रहने के लिए कहा था, उसने उनका अपमान नहीं किया? या शाहरुख खान में यह कहने की हिम्मत नहीं है कि उनका अपमान हुआ था? लेकिन अब कहा जा रहा है कि हमने उनका अपमान किया है।” इस तरह शर्मा ने नोटिस पर अपनी असहमति जताई। हालांकि, नोटिस की वास्तविक सामग्री और शाहरुख की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया की स्वतंत्र पुष्टि जरूरी है। लॉ फर्म ने कमेंट कर क्या कहा? वहीं, सुविज्ञ शर्मा की पोस्ट पर सत्यापित इंस्टाग्राम अकाउंट हिरानी एंड एसोसिएट्स से एक कमेंट किया गया। इस कमेंट में फर्म ने खुद को शाहरुख खान का अधिकृत वकील बताया। फर्म ने लिखा, “यह पोस्ट गलत और भ्रामक है। शाहरुख खान के अधिकृत वकील के तौर पर हम पुष्टि करते हैं कि उन्होंने इस अकाउंट को कोई नोटिस भेजने के लिए किसी वकील या लॉ फर्म, यहां तक कि हमें भी निर्देश नहीं दिया है। दिखाया गया ‘नोटिस’ उनकी ओर से या उनकी ओर से जारी नहीं किया गया है।” इस कमेंट के बाद सुविज्ञ शर्मा के नोटिस मिलने के दावे पर सवाल खड़े हो गए हैं। फर्म के मुताबिक, शाहरुख ने ऐसा कोई नोटिस जारी करने का निर्देश नहीं दिया था। BNS की धारा 356 में क्या प्रावधान है? सुविज्ञ शर्मा के बताए नोटिस में भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की धारा 356 का हवाला दिया गया है। यह धारा मानहानि से जुड़ी है। इसके तहत किसी व्यक्ति के बारे में ऐसा बयान, लेख, संकेत या तस्वीर प्रकाशित करना मानहानि हो सकता है, जिससे उसकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का इरादा हो या ऐसा नुकसान होने की जानकारी हो। इस धारा में दोषी पाए जाने पर अधिकतम 2 साल की साधारण जेल, जुर्माना या दोनों की सजा हो सकती है। सामुदायिक सेवा का प्रावधान भी है। हालांकि, कानून में कुछ अपवाद भी दिए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)