अभिजीत दीपके की आलोचना पर दिलजीत दोसांझ का जवाब:दिल्ली कॉन्सर्ट में कहा- पंजाबियों को लड़ाई करना मत सिखाओ, CJP फाउंडर ने माफी मांगी

Oct 31, 2026 - 10:13
Updated: 2 hours ago
0 0
अभिजीत दीपके की आलोचना पर दिलजीत दोसांझ का जवाब:दिल्ली कॉन्सर्ट में कहा- पंजाबियों को लड़ाई करना मत सिखाओ, CJP फाउंडर ने माफी मांगी

शुक्रवार को दिल्ली में हुए ऑरा टूर 2026 की परफॉर्मेंस के बीच दिलजीत दोसांझ ने कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके के उस बयान पर जवाब दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि कलाकारों को सरकार के खिलाफ उन्हें समर्थन देना चाहिए, वर्ना उनकी फिल्में (सतलज) बैन हो जाती हैं। अब दिलजीत ने इसके जवाब में कहा है कि पंजाबियों को न सिखाया जाए कि लड़ाई कैसे करना है। अब सामने आया है कि कुछ समय पहले अभिजीत दीपके, दिलजीत के शिकागो कॉन्सर्ट में शामिल हुए थे। उन्होंने एक पोस्ट जारी कर माफी भी मांगी है। दिलजीत ने दिल्ली कॉन्सर्ट के मंच पर कहा, “मैं आप सभी से प्यार करता हूं, क्योंकि मैं एक आर्टिस्ट हूं। मैं चुप हूं, तो मुझे चुप ही रहने दो। मैं आप सभी का समर्थन करता हूं, लेकिन पंजाबियों को लड़ना मत सिखाओ।” अभिजीत दीपके ने की सुलह की पहल, माफी मांगी अभिजीत ने दिलजीत की आलोचना को लेकर अपनी सफाई में लिखा, ‘दिलजीत पाजी के नाम, पाजी, जून में जब हम विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, तब आपके कमेंट से मुझे थोड़ा दुख हुआ था। ऐसा इसलिए नहीं था कि मुझे आपसे व्यक्तिगत तौर पर कोई शिकायत थी, बल्कि इसलिए क्योंकि मैंने हमेशा आपको ऐसे इंसान के रूप में देखा है, जो खुद भी कहते हैं कि गलत के खिलाफ आवाज उठाते हैं।’ आगे उन्होंने लिखा, 'सच कहूं तो मैं हमेशा से आपका फैन रहा हूं और आज भी हूं। मैं आज भी आपके गाने सुनता हूं। इसी साल मई में, भारत लौटने से ठीक पहले, मैं शिकागो में आपका कॉन्सर्ट देखने भी आया था। आपका साहस, आपका असली और बेबाक अंदाज और अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए भारत को दुनिया भर में पहचान दिलाना, ये ऐसी बातें हैं जिनका मैं हमेशा से फैन रहा हूं। शायद यही वजह है कि आपका वो कमेंट मुझे थोड़ा ज्यादा चुभ गया, क्योंकि मेरी नजर में आपकी हमेशा से बहुत इज्जत रही है।' दीपके बोले- छोटा भाई समझकर माफ कर देना आखिर में अभिजीत दीपके ने माफी मांगते हुए लिखा, एक बार की असहमति या गलतफहमी से आपके लिए मेरा सम्मान और प्यार कम नहीं हो जाता। बाकी पाजी, छोटा भाई समझकर माफ कर देना। और आखिर में बस इतना कहना चाहूंगा, "गबरू ता वैरी नू वी मिठा बोलदा, नी तू ता फेर जट्ट दा प्यार गोरिये।" जानिए क्यों हुआ दिलजीत-दीपके के बीच विवाद जून में कॉकरोच जनता पार्टी ने नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किया। जुलाई की शुरुआत में दिलजीत ने इंस्टाग्राम लाइव किया था। इस दौरान एक फैन ने उनसे पूछा कि क्या वे जंतर-मंतर पर चल रहे छात्रों के प्रदर्शन में शामिल होंगे? इस पर दिलजीत ने कहा था, "जंतर मंतर कहां है प्रदर्शन के लिए? भाई, मुझे प्रदर्शन जैसी चीजों से दूर ही रखो। मैं एक कलाकार हूं, मैं कोई नेता नहीं हूं। जीवन में सब कुछ कभी ठीक नहीं हो सकता है। इस दुनिया में सब कुछ सही होना मुमकिन नहीं है।" इसके बाद उन्होंने विवाद पर सीधे बोलने से बचते हुए मजाकिया अंदाज में कहा, “जो लोग प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्हें भी बधाई और जिनके खिलाफ प्रदर्शन हो रहा है, उन्हें भी बधाई। मुझे इस बारे में ज्यादा कुछ पता नहीं है।” अभिजीत दिपके ने दिलजीत पर कसा था तंज दिलजीत के इस बयान से CJP के कुछ सदस्य नाराज हो गए। अभिजीत दिपके ने भी उन पर तंज कसा। 12 जुलाई को जब पंजाबी सिंगर काका जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के समर्थन में पहुंचे, तब अभिजीत ने उनकी तरफ इशारा करते हुए कहा था- "ये भी एक आर्टिस्ट हैं, भाई। अगर आर्टिस्ट सपोर्ट नहीं करते तो उनकी फिल्में बैन होती हैं।" अभिजीत दीपके के इस बयान को दिलजीत से जोड़ा गया क्योंकि तब उनकी फिल्म सतलज को रिलीज से रोक दिया गया था और ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया था। दिल्ली कॉन्सर्ट में दिलजीत ने महिला पुलिसकर्मी की मां से तुलना की दिलजीत दोसांझ ने दिल्ली कॉन्सर्ट में महिला पुलिसकर्मी को मंच पर बुलाकर सम्मान दिया और कहा कि उन्हें देखकर सिंगर को मां की याद आ गई। पुलिसकर्मी को गले लगाकर दिलजीत ने कहा, ‘इन्हें जोरदार सैल्यूट मारो। अगर आप न हो तो हम सुरक्षित महसूस नहीं कर सकते। आपकी बहुत देन है, थैंक्यू सो मच। आप में मुझे मेरी मां दिख रही है। मैं उनसे साल में 1-2 बार ही मिल पाता हूं। आपको देखकर लग रहा है मेरी मां खड़ी है। आज मम्मी से बात हुई तो उन्होंने कहा, अपना ख्याल रखना, आज मेरी मम्मी मेरे साथ खड़ी हैं।’ विवादों में था दिलजीत का कॉन्सर्ट हिट टूर दिल लुमिनाटी टूर 2024 के 2 साल बाद दिलजीत ने भारत टूर का ऐलान किया। इस टूर का पहला कॉन्सर्ट दिल्ली में रखा गया, लेकिन अनाउंसमेंट के बाद से ही विवाद खड़ा हो गया। कॉन्सर्ट को पहले नहीं मिली थी मंजूरी 22 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (साउथ डिस्ट्रिक्ट) कार्यालय ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कॉन्सर्ट की अर्जी खारिज कर दी थी। पुलिस ने तब कहा था कि खुफिया एजेंसियों से मिले विशिष्ट सुरक्षा इनपुट और चालू त्योहारों के सीजन में कानून-व्यवस्था की व्यस्तता के कारण इस बड़े आयोजन की अनुमति नहीं दी जा सकती। बाद में दिलजीत ने आधिकारिक सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि उनका दिल्ली कॉन्सर्ट तय तारीख पर ही होगा। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और आयोजकों के बीच हुई कई दौर की बैठकों के बाद कॉन्सर्ट को मंजूरी दी गई। आयोजकों ने पुलिस के सामने सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर एक विस्तृत एक्शन प्लान पेश किया था। दिलजीत के कॉन्सर्ट के खिलाफ दर्ज हुई थी शिकायत चडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धरेनावर ने 14 अक्टूबर को बाल अधिकार संरक्षण आयोग (DCPCR) में शिकायत देकर आरोप लगाया था कि दिलजीत दोसांझ के कुछ गानों में शराब, ड्रग्स और हथियारों का महिमामंडन किया गया है। उन्होंने बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और व्यवहार पर इसके नकारात्मक असर की आशंका जताई। इसके बाद 27 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस को पत्र लिखकर 'पटियाला पैग', '5 तारा ठेके' और 'जेब विचों फीम लब्बीया' गानों पर रोक लगाने की मांग की थी। उन्होंने शब्द बदलकर भी इन गानों को गाने की अनुमति न देने की मांग की। शिकायत में कॉन्सर्ट के दौरान बच्चों को स्टेज पर आमंत्रित करने पर रोक लगाने की मांग की गई। शिकायतकर्ता ने तेज आवाज और फ्लैशिंग लाइट्स को बच्चों के स्वास्थ्य के लिए संभावित रूप से हानिकारक बताया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User