सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के जज से कहा-बाहुबली मत बनिए:IPS ने केस दर्ज नहीं किया तो कोर्ट ने लगाया था एक रुपए का जुर्माना
बिहार के सासाराम में तैनात एक एडिशनल सेशन जज को सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कड़ी फटकार लगाई है। मामला एक एसपी के खिलाफ कोर्ट के आदेश की अवहेलना का दोषी ठहराने से जुड़ा है। सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने सासाराम के जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार के काम करने के तरीके पर गंभीर सवाल उठाए। सुप्रीम कोर्ट ने जज के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें अपनी न्यायिक शक्तियों का प्रदर्शन करने से बचना चाहिए। जस्टिस बागची ने कहा कि कानून को लेकर न्यायिक अधिकारी की समझ बेहद भयावह है। जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा, "कानून को लेकर आपकी समझ हैरान करने वाली है। आपने इतने आक्रामक तरीके से एसपी को बुलाया और उसी दिन उन्हें दोषी भी ठहरा दिया।” जज को नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी में प्रशिक्षण लेने की सलाह देते हुए जस्टिस बागची ने कहा कि न्यायिक शक्तियों का इस्तेमाल करते समय किसी को 'बाहुबली' बनने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। अदालत के सामने अपराध और उसके आदेश का पालन न करना दो अलग चीजें CJI सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी मोहना की बेंच ने एडिशनल सेशन जज के आचरण पर नाराजगी जताई। जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा, जज को पहले भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) की धारा 384 और दंड प्रक्रिया संहिता (CRPF) की धारा 345 के दायरे और उनके प्रावधानों को समझना चाहिए। बेंच ने स्पष्ट किया कि अदालत के सामने होने वाले अपराध और अदालत के आदेश का पालन नहीं करने के मामलों में अंतर है। यदि कोई व्यक्ति अदालत में किसी को थप्पड़ मारता है, गाली-गलौज करता है या निर्देश के बावजूद कोर्ट रूम से बाहर जाने से इनकार करता है, तो इसे अदालत के सामने किया गया अपराध माना जा सकता है। लेकिन, किसी को प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश देने के बाद उसका पालन नहीं करना अपराध की श्रेणी में नहीं आता है। क्या है पूरा मामला मामला रोहतास के तत्कालीन एसपी रोशन कुमार से जुड़ा है। सासाराम के डिस्ट्रिक्ट एंड एडिशनल सेशंस जज-IV अनिल कुमार ने किडनैपिंग के एक मामले में दोषियों को सजा सुनाने के बाद पुलिस को कुछ निर्देश दिए थे। इसमें झूठी गवाही के लिए पीड़ित के खिलाफ FIR और उसके कथित गांजा कारोबार की जांच की बात भी शामिल थी। अदालत का आरोप था कि एसपी ने प्राथमिकी दर्ज करने में आदेश का पालन नहीं किया। अपने इन निर्देशों का पालन न होने पर उन्होंने तत्कालीन SP रौशन कुमार को कोर्ट में तलब किया और उन्हें 22 अगस्त को अदालत में पेश होने को कहा। निर्धारित तारीख पर पेशी को लेकर एसपी के वकील ने अदालत से वर्चुअल माध्यम से पेश होने की अनुमति मांगी। इसके लिए दलील दी गई कि एसपी बाढ़ राहत कार्यों की निगरानी में व्यस्त हैं। जिसके बाद 29 सितंबर, 2026 को उन्होंने एसपी को अवमानना का दोषी ठहराया और बीएनएसएस की धारा 384 के तहत 1 रुपये का प्रतीकात्मक जुर्माना लगाया था। जज ने इस बात को अधिकारी के सर्विस रिकॉर्ड में दर्ज करने का भी निर्देश दिया था। जुर्माना के बाद मामला पटना हाईकोर्ट पहुंटा इस बीच एसपी के खिलाफ कार्रवाई के मामले में बिहार सरकार की अपील पर पटना हाईकोर्ट के निरीक्षण न्यायाधीश ने सेशन जज को केस के रिकॉर्ड के साथ 24 सितंबर को पटना में मिलने के लिए बुलाया। हालांकि, जज ने वहां जाने से इनकार कर दिया। पटना हाइकोर्ट ने जुर्माने के आदेश पर रोक लगा दी थी। जज ने सुप्रीम कोर्ट में की थी अपील हाईकोर्ट की टिप्पणी के बाद एडिशनल सेशन जज ने सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की। उन्होंने अपनी याचिका में कहा कि यह मामला न्यायिक अधिकारियों की दयनीय स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी कोई न्यायिक अधिकारी IAS या IPS अधिकारी के खिलाफ आदेश पारित करता है, तो पूरी व्यवस्था उन्हें बचाने में जुट जाती है। ऐसे में न्यायिक अधिकारी खुद को असहाय महसूस करते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)