'पंचायत' सीजन 5 की रिलीज डेट घोषित:3 दिसंबर को रिलीज होगी, OTT पर 5 सीजन पूरे करने वाली भारत की दूसरी सीरीज बनेगी

Nov 18, 2026 - 13:39
Updated: 2 days ago
0 0
'पंचायत' सीजन 5 की रिलीज डेट घोषित:3 दिसंबर को रिलीज होगी, OTT पर 5 सीजन पूरे करने वाली भारत की दूसरी सीरीज बनेगी

प्राइम वीडियो ने बुधवार को ‘पंचायत’ के सीजन 5 की रिलीज डेट घोषित की। यह सीजन 3 दिसंबर से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगा। रिलीज के बाद पंचायत पांच सीजन पूरे करने वाली भारत की दूसरी वेब सीरीज बन जाएगी। TVF की ही वेब सीरीज गुल्लक OTT पर पांच सीजन पूरे करने वाली भारत की पहली सीरीज है। यह पारिवारिक कॉमेडी-ड्रामा सोनी लिव पर स्ट्रीम होती है। इसका पहला सीजन 2019 में रिलीज हुआ था। पंचायत के नए सीजन में नई कहानी में दर्शक फिर फुलेरा गांव और सचिवजी के साथ लौटेंगे। शो में गांव की राजनीति, बदलते रिश्ते और हल्का-फुल्का हास्य देखने को मिलेगा। फुलेरा को नया प्रधान मिला है और बनराकस यानी भूषण नए प्रधानपति के रूप में क्या करेगा, यही सीजन का बड़ा सवाल है। ये कलाकार लौटेंगे ‘पंचायत’ सीजन 5 का निर्माण द वायरल फीवर (TVF) ने किया है। सीरीज में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैजल मलिक, चंदन रॉय, सानविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक नजर आएंगे। शो का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। इसके क्रिएटर्स दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार हैं। 2020 में शुरू हुई थी ‘पंचायत’ की कहानी ‘पंचायत’ का पहला सीजन 3 अप्रैल 2020 को प्राइम वीडियो पर आया था। इसमें इंजीनियरिंग ग्रेजुएट अभिषेक त्रिपाठी की कहानी दिखाई गई थी। अच्छी नौकरी नहीं मिलने पर वह उत्तर प्रदेश के काल्पनिक गांव फुलेरा में पंचायत सचिव की नौकरी करने पहुंचता है। शहर में पले-बढ़े अभिषेक के लिए गांव का माहौल नया होता है। वह गांव के लोगों, उनकी समस्याओं और पंचायत की राजनीति के बीच अपनी नौकरी करता है। साथ ही उसका सपना MBA करके बेहतर नौकरी पाने का है। पहले सीजन को मिले अच्छे रिस्पॉन्स के बाद दूसरा सीजन 2022 में आया। तीसरा सीजन 2024 और चौथा सीजन जून 2025 में रिलीज हुआ। अब पांचवां सीजन करीब डेढ़ साल बाद दर्शकों के सामने होगा। फुलेरा में बदले सत्ता समीकरण जारी बयान के मुताबिक, सीजन 5 में ‘पंचायत’ की सांस्कृतिक लोकप्रियता को आगे बढ़ाया गया है। कहानी में फुलेरा के जाने-पहचाने किरदार, गांव के रिश्ते, भावनात्मक पल और स्थानीय राजनीति शामिल हैं। मेकर्स के अनुसार, फुलेरा को नया शासक मिल गया है। सभी यह जानना चाहते हैं कि नए प्रधानपति के रूप में बनराकस ने क्या योजना बनाई है। सवाल यह है कि क्या वह फुलेरा को बेहतर बना पाएगा, या उसके वादे भी सिर्फ दिखावा साबित होंगे। नई ताकत के साथ फुलेरा में नई दुश्मनी और बदलते समीकरण देखने को मिलेंगे। ‘पंचायत 2’ को मिला था पहला IFFI OTT अवॉर्ड सीरीज को दर्शकों के साथ-साथ पुरस्कार भी मिले हैं। नवंबर 2023 में गोवा में हुए 54वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में ‘पंचायत 2’ को बेस्ट वेब सीरीज का पहला OTT अवॉर्ड दिया गया था। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के मुताबिक, इस पुरस्कार के लिए 15 OTT प्लेटफॉर्म की 10 भाषाओं की 32 सीरीज को चुना गया था। इनमें से चार सीरीज को फाइनल नॉमिनेशन मिला था। चौथे सीजन ने बनाया था व्यूअरशिप रिकॉर्ड प्राइम वीडियो के मुताबिक, ‘पंचायत’ के चौथे सीजन को रिलीज के पहले हफ्ते में 180 से ज्यादा देशों में देखा गया था। यह 42 से ज्यादा देशों में प्लेटफॉर्म की टॉप-10 ट्रेंडिंग लिस्ट में शामिल हुआ था। भारत में यह 95% पिन कोड तक पहुंचा था। प्लेटफॉर्म ने इसे सीरीज का अब तक का सबसे बड़ा ओपनिंग सीजन भी बताया था। प्राइम वीडियो और TVF का बयान प्राइम वीडियो इंडिया में SVOD कंटेंट एक्विजिशन के डायरेक्टर और हेड मनीष मेंघानी ने कहा, “कुछ कहानियां समय के साथ हमारी जिंदगी का हिस्सा बन जाती हैं। पंचायत ऐसी ही एक कहानी है।” उन्होंने कहा, “भारत की सबसे सफल और पहचानी जाने वाली फ्रेंचाइजी में शामिल इस सीरीज का पांचवें सीजन के साथ लौटना गर्व की बात है। यह उपलब्धि इसकी खास यात्रा और दर्शकों से लगातार जुड़ाव दिखाती है।” द वायरल फीवर (TVF) के प्रेसिडेंट विजय कोशी ने कहा कि दर्शकों ने फुलेरा और उसके लोगों को जो प्यार दिया है, उससे उनका भरोसा मजबूत हुआ है। कोशी ने कहा, “सीजन 5 में हम इस पसंदीदा कलाकार समूह की कहानी को आगे बढ़ाएंगे। नई चुनौतियां, बदलते रिश्ते और अचानक आने वाले मोड़ गांव की जिंदगी के नए पहलू दिखाएंगे।” उन्होंने आगे कहा, “पंचायत OTT पर पांचवें सीजन तक पहुंचने वाले भारत के सिर्फ दो शोज में से एक है। यह उपलब्धि प्राइम वीडियो के लगातार सहयोग के बिना संभव नहीं होती।”

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User