टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मास्टरमाइंड का बाप जेल में:सरपंच को भी धमका चुका गैंगस्टर अनिल पंडित; परिवार समेत 10 साल पहले छोड़ा गांव

Oct 19, 2026 - 20:09
0 0
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मास्टरमाइंड का बाप जेल में:सरपंच को भी धमका चुका गैंगस्टर अनिल पंडित; परिवार समेत 10 साल पहले छोड़ा गांव
मुंबई में एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग करने वाले हमलावरों को लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित ने भेजा था। घटना के बाद अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर इसकी जिम्मेदारी भी ली। साथ ही सलमान खान को भी जान से मारने की धमकी दी। अब तक की पुलिस जांच में भी खुलासा हुआ है कि अनिल पंडित ने विदेश में बैठकर टाइगर श्रॉफ पर हमले की साजिश रची। इधर, तीनों शूटर्स को सोमवार को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से पुणे-जयपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच से हिरासत में लिया गया। तीनों में एक नाबालिग भी है। तीनों पहले जयपुर और वहां से दिल्ली भागने की फिराक में थे। आखिर कौन है अनिल पंडित? इसी सवाल का जवाब जानने के लिए रिपोर्टर ने हरियाणा के पानीपत जिले के रेर कलां गांव के पूर्व सरपंच शीशपाल सिंह से बात की। शीशपाल ने बताया- दस साल से अनिल पंडित व उसके परिवार का कोई भी शख्स गांव में नहीं आया है। अनिल का सगा चाचा भी लंबे टाइम से गायब है। गांव में अब उसके परिवार के बारे में लोगों को ज्यादा जानकारी नहीं हैं। शीशपाल सिंह ने बताया कि अनिल के पिता कृष्णलाल पहले गांव में पंडित का काम करते थे। 2 बेटे और 1 बेटी है। 28 साल का 12वीं पास अनिल सबसे बड़ा है। दूसरा बेटा अभिषेक 25 साल का है। दोनों बेटे कुंवारे हैं। 21 साल की बेटी पायल की शादी हो गई है। 10 साल पहले छोड़ दिया था गांव अनिल के पिता कृष्णलाल ने 540 गज के प्लॉट को छोड़कर अपनी सारी संपत्ति बेचकर 10 साल पहले रेर कलां गांव छोड़ दिया था। इसके बाद वो असंद गांव में रहने चले गए थे। बाद में वहां से भी सबकुछ छोड़कर करनाल में रह रहे थे। कृष्णलाल को हार्ट की बीमारी है। कुछ समय पहले कृष्णलाल और उनकी पत्नी व अनिल पंडित की मां प्रवेश को भी अनिल के कारनामों के चलते पुलिस ने पकड़ा था। महीने भर पहले उसकी मां प्रवेश की जमानत हुई है, लेकिन पिता कृष्णलाल अभी भी जेल में हैं। गैंगस्टर रणदीप मलिक के साथ रहता था अनिल रेर कलां गांव से और पानीपत सदर एसएचओ गुलशन से मिली जानकारी के अनुसार अनिल पंडित का पिछले कुछ सालों से जींद के रहने वाले और लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर रणदीप सिंह उर्फ रणदीप मलिक से संपर्क था। उसी की मदद से वह साल 2022 में पहले दुबई गया था और 2024 में डंकी रूट से अमेरिका पहुंच गया था। अनिल के भारत छोड़ने से पहले उसके खिलाफ देश में एक भी मुकदमा दर्ज नहीं था। अमेरिका पहुंचने के बाद वह पूरी तरह से लॉरेंस गैंग के साथ जुड़ गया। वहां पर पहले से बैठे रणदीप मलिक व हैरी बॉक्सर के संपर्क में आया। साल भर पहले गांव के सरपंच को दी धमकी गैंगस्टर रणदीप सिंह उर्फ रणदीप मलिक और अनिल पंडित ने मिलकर साल भर पहले विदेश से ही कॉल कर 30 नवंबर 2025 को रेर कलां गांव के सरपंच सरदार हरदीप सिंह को भी फिरौती के लिए जान से मारने की धमकी दी थी। तब से अब तक सरपंच हरदीप सिंह को 3-4 धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि सरपंच हरदीप ने इसका मुकदमा गैंगस्टर रणदीप सिंह उर्फ रणदीप मलिक पर ही दर्ज करवाया हुआ हैं। जिसकी पानीपत सदर पुलिस स्टेशन में जांच चल रही हैं। इधर साल भर पहले अमेरिका में फेडरल ब्यूरो इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने रणदीप सिंह उर्फ रणदीप मलिक को उसके घर से पकड़ लिया था। इसके साथ ही लॉरेंस विश्नोई के भाई अनमोल विश्नोई की भी वहां पर गिरफ्तारी हो गई थी। इसके बाद से लॉरेंस गैंग कमजोर पड़ने लगी थी। साथ ही रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ से हुए अलगाव के बाद हैरी बॉक्सर और आरजू विश्नोई ने गैंग को लीड करने व इसे मजबूत करने का काम स्टार्ट कर दिया था। इसके बाद लॉरेंस गैंग में गैंगस्टर अनिल पंडित को वो ही काम मिल गया, जो कुछ साल पहले तक रोहित गोदारा करता था। पुलिस को संदेह है कि वह अमेरिका के कैलिफोर्निया से लॉरेंस गैंग के दूसरे गैंगस्टर्स जैसे हरमन संधू और हैरी बॉक्सर के साथ मिल कर भारत में मौजूद लोगों के जरिए कथित रंगदारी की मांग और हमलों का नेटवर्क चलाने में भूमिका निभा रहा है। हाल ही में अनिल पंडित ने हरियाणवी सिंगर दिलेर खरकिया की गाड़ी पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी भी ली थी। हरियाणा में अनिल पंडित के खिलाफ रंगदारी के 12 से अधिक मामलों में वांछित होने की जानकारी है, लेकिन फिलहाल पानीपत सदर पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही है। अनिल पंडित ने खुद को लॉरेंस का छोटा भाई बताया रविवार रात को टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद अनिल पंडित का एक ऑडियो सामने आया था। जिसमें उसने कहा- मैं अनिल पंडित, लॉरेंस का छोटा भाई। आज जो मुंबई में टाइगर श्रॉफ पर हमला हुआ है, इसकी जिम्मेदारी मैं अनिल पंडित और मेरा बड़ा भाई हरमन संधू लेते हैं। इसको हमने समझाया था लेकिन इसको समझ में नहीं आई। और जो भी पूरी फिल्म इंडस्ट्री में हमारे से अलग होकर काम करेगा या सलमान खान के साथ मिलकर काम करेगा, उसको हम मार देंगे। ये पहली और आखिरी चेतावनी है। सलमान खान एक बात ध्यान से सुन लें, अगर तुमने मेरे बड़े भाई लॉरेंस से...... तुम्हारे पूरे परिवार का नाश कर देंगे। …. ये खबर भी पढ़ें… 35 हजार में की टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग:गैंगस्टर अनिल पंडित ने विदेश भेजने का लालच दिया, टारगेट पर थे मुंबई के फिल्म स्टार टाइगर श्रॉफ पर गोलियां चलाने वाले पकौड़ी खरीदते दिखे:यात्री बनकर जनरल कोच में चढ़े पुलिसवाले, 15 मिनट में तीनों को दबोचा टाइगर श्रॉफ पर हमले के 3 आरोपी कोटा से पकड़े:पुणे-जयपुर ट्रेन में बैठे थे, लॉरेंस गैंग से जुड़े हैं बदमाश; विदेश भागने की फिराक में थे

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User