मिनी किट के लिए सुबह से राजकीय बीज गोदाम पर किसानों की भीड़

गोदाम खुलने का समय 10 बजे, किसान सुबह 7 बजे से लगा रहे लाइन; 

Oct 06, 2026 - 13:15
0 0
मिनी किट के लिए सुबह से राजकीय बीज गोदाम पर किसानों की भीड़

मिनी किट के लिए सुबह से राजकीय बीज गोदाम पर किसानों की भीड़

गोदाम खुलने का समय 10 बजे, किसान सुबह 7 बजे से लगा रहे लाइन; 

शाम तक कई किसानों को लौटना पड़ता मासूम 

पनवाड़ी (महोबा )

राजकीय बीज गोदाम पनवाड़ी में मिनी किट प्राप्त करने के लिए किसानों की भीड़ उमड़ रही है। गोदाम खुलने का समय सुबह 10 बजे निर्धारित है, लेकिन किसान बीज पाने की उम्मीद में सुबह सात बजे से ही लाइन में लगना शुरू कर देते हैं। घंटों इंतजार और कड़ी मशक्कत के बावजूद कई किसानों को शाम को खाली हाथ मायूस होकर घर लौटना पड़ रहा है।

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला मीडिया प्रभारी वेद प्रकाश नायक ने राजकीय बीज गोदाम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों की सुविधा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। गोदाम पर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं है। परिसर में लगे हैंडपंप के आसपास गंदे पानी का भराव होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि दिव्यांग, महिला और बुजुर्ग किसानों के लिए अलग से कोई खिड़की या काउंटर संचालित नहीं किया जा रहा है। ऐसे में घंटों लाइन में खड़े रहने के कारण इन किसानों को विशेष परेशानी उठानी पड़ रही है।

जिला मीडिया प्रभारी ने मांग की कि मिनी किट के लिए चयनित लाभार्थी किसानों की सूची किसान सहायकों के माध्यम से गांव स्तर पर सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा कराई जाए। साथ ही सूची का प्रकाशन क्षेत्रीय समाचार पत्रों में भी कराया जाए, ताकि किसानों को पहले से जानकारी मिल सके और उन्हें बीज के लिए अनावश्यक रूप से घंटों लाइन में न लगना पड़े।

उन्होंने कहा कि जिले में सक्रिय किसान संगठनों और किसान यूनियनों को भी चयनित लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इससे संगठन गांव-गांव किसानों तक सूचना पहुंचा सकेंगे और किसान धैर्य के साथ निर्धारित प्रक्रिया के तहत बीज प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने प्रशासन से राजकीय बीज गोदाम पर पेयजल, छायादार स्थान और विशेष रूप से दिव्यांग, महिला व बुजुर्ग किसानों के लिए अलग व्यवस्था कराने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User