महोली में नगर पंचायत लिपिक पर गंभीर आरोप, मुकदमा दर्ज कर भेजा गया जेल
महोली नगर पंचायत के लिपिक रवि शंकर गुप्ता पर महिला कर्मचारी द्वारा शोषण और छेड़छाड़ के आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
दीपेन्द्र भदौरिया, ब्यूरो चीफ
सीतापुर/महोली। महोली नगर पंचायत के लिपिक रवि शंकर गुप्ता के खिलाफ पूर्व में कार्यरत एक आउटसोर्सिंग महिला कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने शोषण और छेड़छाड़ सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। मामले के सामने आने के बाद नगर पंचायत और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई।
पीड़िता ने कोतवाली महोली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि नगर पंचायत में कार्यरत रहने के दौरान लिपिक रवि शंकर गुप्ता पिछले लगभग दो वर्षों से उसे नौकरी से हटाने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करते रहे। उसने आरोप लगाया कि आरोपी उसके साथ छेड़छाड़ करता था तथा शराब के नशे में फोन और संदेश भेजकर परेशान करता था।
इंस्पेक्टर जे.बी. पांडेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 387, बीएनएस की धारा 74 एवं 351(3) के तहत दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया है।
उधर, लिपिक को कोतवाली में बैठाए जाने की सूचना के बाद नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी रामकृष्ण वर्मा तथा कई सभासद एसडीएम महोली शैलेंद्र गौतम और पुलिस क्षेत्राधिकारी नागेंद्र चौबे से मिले। उन्होंने पूरे प्रकरण की जानकारी देते हुए निष्पक्ष एवं तथ्यों के आधार पर जांच कराने की मांग की।
प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद भरोसा दिलाया कि जांच पूरी निष्पक्षता और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
What's Your Reaction?
Like
3
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)